पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। सोमवार रात को पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में सेनाओं के पीछे हटने की प्रक्रिया के दौरान दोनों तरफ से हिंसक झड़प हुई। इसमें भारतीय सेना का एक अधिकारी और दो जवान शहीद हो गए। भारतीय सेना ने अपने बयान में कहा है कि हिंसक झड़प में दोनों पक्षों को नुकसान हुआ है।
भारत और चीन के बीच करीब एक महीने से सीमा विवाद जारी है और इसे बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से लगातार बातचीत जारी थी और संयम भरे बयान भी सामने आ रहे थे। इसी बीच ये बड़ी घटना सामने आई है।
चीन की अनर्गल बयानबाजी
उधर, चीन ने इस मामले पर शातिराना चाल चलना शुरू कर दिया है। उसकी ओर से अनर्गल आरोपों का दौर शुरू हो गया है और भारतीय सैनिकों पर ही उंगली उठाई जा रही है।ग्लोबल टाइम्स के हवाले से चीन के विदेश मंत्री ने बयान दिया है कि चीन और भारत दोनों ही इस द्विपक्षीय मामले को बातचीत से सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि सीमा पर शांति बरकरार रह सके। साथ ही कहा है कि उसके सैनिकों ने सीमा का उल्लंघन नहीं किया है। विदेश मंत्री का कहना है कि भारतीय सैनिकों ने ही सीमा पर उकसावे की कार्रवाई शुरू की थी।