आयकर विभाग ने आज मुंबई, पुणे, नागपुर में रियल एस्टेट डेवलपर्स के ठिकानों पर छापेमारी की जिनका महाराष्ट्र के एक मंत्री से करीबी संबंध बताया जा रहा है। सूत्रों ने आज यह जानकारी दी। विभाग ने डायनेमिक्स और डीबी रियल्टी के प्रमोटरों के दफ्तरों और आवास पर भी छापा मारा। इनके द्वारा वित्त पोषित एक चीनी मिल पर भी छापेमारी हुई है। मुंबई, पुणे, नागपुर और दूसरे जगहों पर करीब 50 स्थानों पर छापेमारी की गई है।
वहीं, सीबीडीटी ने कहा कि उसने आज 25 आवासों और 15 दफ्तरों पर जांच अभियान चलाया। मुंबई में होटल ओबरॉय के कुछ सुइट्स की भी तलाशी ली गई। इन्हें दलालों द्वारा किराए की तर्ज पर स्थायी रूप से लिया गया था और यहां ग्राहकों के साथ इनकी बैठकों होती थीं।
सीबीडीटी के मुताबिक, इस जांच अभियान के दौरान कुल 1050 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला। इन लोगों ने नकदी के हस्तांतरण के लिए अंगड़िया का भी इस्तेमाल किया। तलाशी के दौरान एक अंगड़िया से 150 लाख रुपये जब्त किए गए।
अब तक 4.6 करोड़ रुपये की नकदी और 3.42 करोड़ रुपए से अधिक के आभूषण जब्त किए गए हैं। तलाशी अभियान के दौरान 4 लॉकर्स भी मिले।