अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गोरखपुर को करीब 9 हजार 650 करोड़ की लागत की कई परियोनाओं की सौगात दी। मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट खाद कारखाना, एम्स और बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर का लोकार्पण किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक हालिया बयान के अनुसार, करीब 8,603 करोड़ रुपये के गोरखपुर उर्वरक संयंत्र से हर साल 12.7 लाख मीट्रिक टन नीम-लेपित यूरिया का उत्पादन होगा। इस परियोजना से न केवल किसानों के जीवन में समृद्धि आने की उम्मीद है, बल्कि युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 20,000 रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। पिछले कुछ हफ्तों से, भाजपा सरकार चुनावों से पहले पूरे उत्तर प्रदेश में विकास परियोजनाओं की घोषणाओं और उद्घाटनों की एक झड़ी लगा दी है। इसके जरिए पार्टी राज्य में विकास करने वाली सरकार की अपनी छवि को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे
16 नवंबर को, पीएम मोदी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के करवल खीरी में 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की आधारशिला पीएम नरेंद्र मोदी ने जुलाई 2018 में रखी थी। 22,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को गाजीपुर से जोड़ेगा।