वैरिएंट्स ने राज्यों के अनुसार किए बच्चों पर वार..
कुछ कोरोना वैरिएंट कुछ खास राज्यों में बच्चों के लिए आफत बने। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में डेल्टा वैरिएंट ने बच्चों को ज्यादा संक्रमित किया। महाराष्ट्र, राजस्थान, चंडीगढ़ के बच्चों में काप्पा वैरिएंट ज्यादा मिला। हालांकि उत्तर भारत में दूसरे वैरिएंट्स भी बच्चों में मिले।
वैक्सीन लगवाने के बाद चलने लगा 5 साल से बिस्तर पर पड़ा रोगी
दुर्घटना के कारण पांच साल से बिस्तर पर पड़े 55 साल के व्यक्ति पर कोविशील्ड की खुराक ने चमत्कारिक असर किया। डॉक्टरों का कहना है कोरोनारोधी दवा की पहली खुराक लेने के बाद उसने बात करना और चलना-फिरना शुरू कर दिया। इसकी जांच के लिए सरकार ने तीन सदस्यीय चिकित्सीय टीम बनाई है। डॉक्टरों ने बताया कि बोकारो जिले के गांव सलगाडीह निवासी दुलारचंद मुंडा पांच साल पहले हुई दुर्घटना के बाद बिस्तर पर थे।
रीढ़ में समस्या के कारण एक साल से वे उठे ही नहीं थे। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. अलबेला ने बताया कि 4 जनवरी को एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने उनके घर जाकर कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खुराक लगाई। अगले दिन उनके परिजन यह देखकर हैरान रह गए कि उनके मृतप्राय: शरीर में हरकत होने लगी और उन्होंने बोलना भी शुरू कर दिया।