पाकिस्तान के कराची के रास्ते दिल्ली आ रहा जॉर्जिया का मालवाहक विमान एएन12 शुक्रवार दोपहर तय मार्ग से हटकर प्रतिबंधित रूट में घुस गया। बिना पूर्व सूचना और प्रतिबंधित रूट में विमान के घुसते ही भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। विमान के पायलट को बार-बार इंटरसेप्ट किया गया और एयरकॉल किए गए। लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद जोधपुर से दो सुखोई एमकेआई-30 लड़ाकू विमान उड़े और इसे घेर लिया।
इसे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने को मजबूर कर दिया गया। यहां करीब 3 घंटे तक विमान की जांच की गई। विमान में पायलट, को-पायलट सहित 8 लोग मौजूद थे। जांच के दौरान सामने आया कि इस विमान में इंडियन डिफेंस का सामान है। क्लीयरेंस मिलने के बाद रात 8:03 बजे इसे दिल्ली रवाना कर दिया गया। इससे पहले जयपुर हवाई अड्डे की सीआरपीएफ ने घेराबंदी कर ली थी।
बता दें कि बालाकोट में एयर स्ट्राइक के बाद भारतीय वायुसेना पहले से ही अलर्ट हैं। विमान के प्रतिबंधित मार्ग में घुसने का पता लगते ही जोधपुर में वायुसेना तुरंत हरकत में आ गई और आपरेशनल एयर डिफेंस में तैनात दो सुखोई को बिना देरी किए रवाना कर दिया गया।
गुजरात के प्रतिबंधित मार्ग से प्रवेश, एजेंसियां अलर्ट
इस विमान ने दोपहर करीब 3:15 बजे भारतीय एयर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया। यह उत्तरी गुजरात से भारत की सीमा में घुसा। गुजरात में राजनीतिक और वीवीआईपी कारणों से यह एयर रूट बंद किया हुआ है। राजस्थान और दिल्ली सहित सभी जगह सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
बार-बार रूट बदलता रहा, जोधपुर से उड़े दो सुखोई
सुरक्षा एजेंसियां आपात आदेश देती रही और वायुयान बीच-बीच में रूट बदलता रहा। भारतीय सीमा में विमान 27 हजार फीट ऊंचाई पर 95 मिनट तक मंडराता रहा। पायलट से बार-बार संपर्क के प्रयास के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। जोधपुर से उड़े दो सुखोई ने इस विमान को घेर लिया।
गुजरात के प्रतिबंधित रूट से राजस्थान की सीमा में घुसा
विमान यूक्रेन की कंपनी मोटर सिच का था। इसने दोपहर करीब 12 बजे जॉर्जिया के त्बलिसी से भारत के लिए उड़ान भरी थी। इस विमान को वाया कराची आना था, लेकिन पाकिस्तान ने इसे उतरने की अनुमति नहीं दी। इस विमान ने निर्धारित मार्ग से हटकर उत्तरी गुजरात में कच्छ का रण के अहम एयर बेस से 70 किलोमीटर दूर से दोपहर 3:15 बजे भारतीय वायु सीमा में प्रवेश किया।
यह नागरिक उड़ानों के लिए प्रतिबंधित है। विमान की संदिग्ध गतिविधियों से वायु सेना अलर्ट हो गई। विमान को गुजरात से भगाया गया तो यह राजस्थान की सीमा में प्रतिबंधित मार्ग पर उड़ान भरने लगा। जोधपुर हवाई अड्डे ने भी नियमों का उल्लंघन मानते हुए इस विमान को घेरने का प्लान बनाया।
विमान की जांच, संदिग्ध कुछ भी नहीं मिला
भारतीय आसमान में प्रतिबंधित रूट पर और बिना जवाब के उड़ान भर रहे विमान को सुखोई घेरते-घेरते जयपुर तक ले आए और शाम पांच बजे जयपुर हवाई अड्डे पर उतरने को मजबूर कर दिया। यहां तीन घंटे तक चालक दल से पूछताछ औ विमान जांच हुई। कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। कुछ भी संदिग्ध नहीं पाए जाने पर उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद वह दिल्ली रवाना हो गया।