तमिलनाडु के कई जिले इन दिनों बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे हैं। पिछले तीन दिनों से यहां भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। वहीं, बारिश और बाढ़ के चलते पैदा हुए हालातों में तीन लोगों की मौत की भी खबर है। इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर #MissingCM@mkstalin ट्रेंड कर रहा है। तमिलनाडु की भाजपा इकाई ने यह हैशटैग शुरू किया है।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा हैशटैग 'मिसिंगसीएम'
दरअसल, मंगलवार को दक्षिणी जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने के बजाय गठबंधन की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर निशाना साधा था। भाजपा ने सीएम स्टालिन को टैग करते हुए लिखा था कि"क्या दक्षिण तमिलनाडु के लोगों की चीखें आपके कानों तक नहीं पहुंच रही हैं? #मिसिंगसीएम''। इसके बाद ये सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड में शामिल हो गया। भाजपा समर्थकों ने लगातार इसे अपनी पोस्ट में प्रयोग किया।
सीएम स्टालिन ने की थी ये घोषणा
इससे पहले, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने कहा था कि वे आज शाम में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे और उन्हें बाढ़ के हालात के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही वह 20 दिसंबर को थूथुकुडी और तिरुनेलवेली का दौरा करेंगे।
'इंडिया' ब्लॉक की बैठक में हुए शामिल
गौरतलब है कि मंगलवार को राजधानी दिल्ली के अशोका होटल में विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक हुई थी। इसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक में विभिन्न विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए थे। एमके स्टालिन भी उनमें ही थे। इसी बात को मुद्दा बनाकर राज्य भाजपा ने स्टालिन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शोसल मीडिया पर यूजर्स कर रहे ऐसे पोस्ट
भाजपा नेताओं के साथ ही सोशल मीडिया यूजर्स भी लगातार पोस्ट कर रहे हैं। एक पोस्ट में भाजपा ने लिखा कि "प्रिय #मिसिंगसीएम एम के स्टालिन इस नाटक से दूर रहें! बाढ़ सहायता के लिए प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए केवल दिल्ली जाने का आपका दावा विफल हो गया है। सच्चाई यह है कि यह दिल्ली में I.N.D.I. अलायंस की बैठक के लिए था। जो कि पहले से ही निर्धारित थी।''
वहीं, एक अन्य पोस्ट में लिखा गया कि 'आपके पिता की 2009 की नई दिल्ली यात्रा के विनाशकारी परिणामों से स्पष्ट रूप से आपने कोई सबक नहीं सीखा। आप नई दिल्ली में एक बार फिर राजनीतिक गठबंधन को प्राथमिकता दे रहे हैं, जब तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में बाढ़ के कारण लाखों तमिल फंसे हुए हैं। ऐसे में बार-बार यही कहा जा रहा है कि स्टालिन करुणानिधि से भी अधिक खतरनाक है! यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है क्योंकि इतिहास दोहराया जा रहा है। 2009 में, तमिलनाडु के तत्कालीन मुख्यमंत्री और आपके पिता, थिरु करुणानिधि दिल्ली में सीट बंटवारे की बातचीत के लिए सोनिया गांधी से मुलाकात कर रहे थे। तब भी जब श्रीलंका में लाखों तमिल मारे जा रहे थे।'
बता दें कि तमिलनाडु के तटीय इलाके केप कोमरिन में चक्रवाती सर्कुलेशन बनने से राज्य के दक्षिणी जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। दक्षिणी जिलों में कई नदियां और झीलें ओवरफ्लो कर रही हैं। बाढ़ के हालात को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवानों की कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन और तेनकासी में तैनाती की गई है।