Gujarat: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज 1400 करोड़ रुपये की विकास परियोजना का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के निर्माण के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को अहमदाबाद जिले के नलकांठा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की परियोजना की समीक्षा की। यह परियोजना 1400 करोड़ रुपये की है। इसमें पहले चरण में 377 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। मुख्यमंत्री ने पहले चरण के तहत निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
विज्ञापन
उन्होंने गोरज गांव के नजदीक नर्मदा नहर (स्त्रोत-1) और हांसलपुर के पास नर्मदा नहर (स्त्रोत-3) का दौरा भी किया। मुख्यमंत्री ने फतेवाडी-नलकांठा क्षेत्र में सिंचाई परियोजना के तहत कार्यों को लेकर सरदार सरोवर नर्मदा निगम के प्रमुख के. कैलाशनाथन, प्रबंध निदेश मुकेश पुरी, निदेशक पार्थिव व्यास सहित उच्च अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया और उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान पटेल ने कार्यों की गुणवत्ता और तेज प्रगति पर जोर दिया।
नर्मदा नहर और फतेवाडी नहर योजना को क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के मकसद से शुरू किया गया है। इस परियोजना में नलकांठा के सिंचाई से वंचित 11,000 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल होगा। इस परियोजना से साणंद तहसील के 14, विरमगाम तहसील के 13 और बावला तहसील के 12 सहित नलकांठा के 39 गांवों की करीब 35 हजार हेक्टेयर जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
अभी पहले चरण का काम चल रहा है। यह पूरा हो जाने पर करीब 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्र की नर्मदा के पानी से सिंचाई हो सकेगी। पहले चरण के कार्यों पर 377.65 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस परियोजना का अब तक 65 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अगस्त 2025 तक पहला चरण पूरा होगा। दूसरा चरण इस साल के अंत में शुरू होगा, जिसमें 1027 करोड़ रुपये तक खर्च होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री पटेल के दौरे के दौरान अहमदाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष कंचनबा वाघेला, साणंद के विधायक कनुभाई देसाई और सरदार सरोवर नर्मदा निगम के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।