वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और मुंबई में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी ‘हाट स्पाट’ बनी हुई थी। वहीं अब कोरोना संक्रमण को लेकर मुंबई और धारावी दोनों ही सामान्य होने की राह पर लौट रही है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से शुक्रवार को एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में शुक्रवार को पहली बार कोरोना का कोई मामला सामने नहीं आया है।
धारावी में कोविड से लड़ने के लिए अपनाए गए ‘4-टी माडल’ (ट्रेसिंग, ट्रैकिंग, टेस्टिंग और ट्रीटिंग) की विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) भी प्रशंसा कर चुका है। अप्रैल-मई में यहां कोविड मामलों में हुई अचानक बढ़ोतरी ने मुंबई महानगरपालिका प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी थीं, लेकिन पिछले 19 दिनों से यहां कोविड मरीजों की संख्या सिंगल डिजिट में चल रही है। सक्रिय मामले भी सिर्फ 10 हैं इस समय। इस प्रकार सामान्य हो रही धारावी एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने की कोशिश करती दिखाई दे रही है।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2.81 लाख : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। देश में वर्तमान में 2,81,919 मरीजों का उपचार चल रहा है, जो कुल संक्रमितों का महज 2.78 प्रतिशत है।