महिला पुलिसकर्मी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
गोवा शिवसेना ने शनिवार को राज्य में महाराष्ट्र जैसा नियम लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की नौकरी के घंटे 12 से घटाकर आठ किए जाने चाहिए। यह जानकारी शिवसेना की गोवा इकाई की प्रवक्ता राखी प्रभुदेसाई ने दी।
'गोवा में महाराष्ट्र जैसे हालात'
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले से पुलिस सेवा में तैनात हजारों महिलाओं को राहत मिली है। गोवा में भी हालात महाराष्ट्र जैसे हैं। इसके बावजूद महिला पुलिसकर्मियों और कनिष्ठ कर्मचारियों को ओवरटाइम करना पड़ता है, जिसका असर उनके निजी जीवन पर पड़ता है।
शिवसेना ने कही यह बात
उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद अगर शिवसेना सत्ता में आती है तो सबसे पहला फैसला महिला पुलिसकर्मियों की नौकरी के घंटे कम करने का लिया जाएगा। बता दें कि शिवसेना के इस एलान के बाद गोवा में सियासत गरमा गई है। इसके बाद तरह-तरह की राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके तहत राजनीतिक दल लगातार बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।