गोवा के पोरवोरिम इलाके में सुनामी का झूठा सायरन बजने का मामला सामने आया है। सायरन कैसे बजा, इसकी जांच की जा रही है। वहीं सायरन सुनकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। खबर के अनुसार, राजधानी पणजी के बाहरी इलाके पोरवोरिम में गुरुवार को रात नौ बजे के बाद अचानक से सुनामी का सायरन बज उठा। यह सायरन 20 मिनट से ज्यादा देर तक बजा, जिससे स्थानीय लोग घबरा गए। हालांकि बाद में पता चला कि यह सायरन झूठा तो लोगों ने राहत की सांस ली।
जांच में झूठी निकली सुनामी की चेतावनी
वहीं घटना को लेकर सरकार ने रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि सुनामी को लेकर अलर्ट करने वाला सायरन पोरवोरिम की एक पहाड़ी पर लगाया गया है। मीडिया से बात करते हुए उत्तरी गोवा की जिलाधिकारी मामू हेग ने बताया कि यह एक झूठी चेतावनी थी और किसी भी विभाग ने सुनामी की चेतावनी नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि किसी मॉकड्रिल की सूचना भी नहीं थी। ना ही भारतीय मौसम विभाग या नेशनल सेंटर फॉर ओसीन इंफोर्मेशन सर्विसेज ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी थी।
प्रदेश के जल संसाधन विभाग को घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। राज्य के जल संसाधन मंत्री सुभाष शिरोडकर ने बताया कि उन्होंने भी घटना को लेकर विभाग से रिपोर्ट मांगी है, जो जल्द ही उन्हें मिल जाएगी। उत्तरी गोवा की जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भी सुनामी अलर्ट को फर्जी करार दिया और लोगों से ना घबराने की अपील की गई है।