गुजरात के गांधीनगर नगर निगम चुनाव में सभी 44 सीटों के लिए मतगणना पूरी हो चुकी है। भाजपा को 44 सीटों में से 41 सीटों पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस को दो सीटों पर जीत मिली है। जबकि आम आदमी पार्टी को महज एक सीट से संतोष करना पड़ा है। इस प्रचंड जीत के लिए पीएम मोदी व भाजप अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने जहां सभी 44 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, वहीं आप के 40 सीटों पर उम्मीदवार थे। अन्य उम्मीदवारों में बसपा के 14, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दो, अन्य दलों के छह और 11 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। गांधीनगर नगर निगम चुनाव में रविवार को हुए मतदान का अंतिम आंकड़ा 56.24 फीसदी रहा था।
पीएम के गढ़ में 10 साल बाद बहुमत
पीएम मोदी के इस गढ़ में भाजपा ने 90 फीसदी सीटों पर कब्जा कर 10 साल बाद बहुमत पाने में सफलता मिली है। इन नतीजों से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल व नवनियुक्त सीएम भूपेंद्र पटेल का कद बढ़ेगा। इन्हें आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए ज्यादा तवज्जो मिलेगी। गांधीनगर पीएम मोदी का गृह क्षेत्र है। उनकी माताजी यहीं रहती हैं। उन्होंने भी निकाय चुनाव के लिए वोट डाला था।
ओखा व थारा में भी भाजपा जीती, भानवड में कांग्रेस
भाजपा ने राज्य की ओखा व थारा के निकाय चुनाव में भी जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस ने देवभूमि द्वारका जिले की भानवड नगर निगम चुनाव में जीत हासिल की है।
गुजरात की जनता व भाजपा का गहरा नाता : मोदी
इस जीत पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'स्थानीय निकाय के चुनाव नतीजों से गुजरात की जनता व भाजपा के बीच गहरे रिश्ते की फिर पुष्टि हुई है। बार बार आशीर्वाद देने के लिए गुजरात की जनता का आभार। सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई।'
जेपी नड्डा ने दी मुख्यमंत्री पटेल व कार्यकर्ताओं को बधाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गांधीनगर नगर निगम चुनाव में जीत के लिए सीएम भूपेंद्र पटेल व पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की कल्याणकारी नीतियों में विश्वास प्रकट करती है।