अंडरवर्ल्ड के भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी साथी फहीम मचमच की पाकिस्तान के कराची में मौत हो गई है। मुंबई पुलिस सूत्रों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
विज्ञापन
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि एकसमय गैंग में दाऊद के दाहिने हाथ की हैसियत रखने वाले मचमच (51 साल) की मौत कोविड-19 (कोरोना वायरस) से जुड़ी परेशानियों के कारण शुक्रवार रात को कराची के एक निजी अस्पताल में हुई।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, फहीम अहमद शरीफ उर्फ फहीम मचमच हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और धमकी देने के आरोपों में मुंबई व कई अन्य शहरों में दर्ज विभिन्न मुकदमों में वांछित था। दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार एरिया में पेरू लेन का रहने वाला फहीम पिछले कई साल से दाऊद के साथ पाकिस्तान में ही रह रहा था। वह दाऊद इब्राहिम और उसके गैंग में नंबर-2 की हैसियत रखने वाले छोटा शकील का सबसे भरोसेमंद सिपहसालार रहा है।
विज्ञापन
इसके बाद उसे दुबई फरार होने की कोशिश करते समय मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। लेकिन जमानत मिलते ही अपने अगले प्रयास में वह देश से बाहर भागने में सफल हो गया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल ही में मुंबई पुलिस की रंगदारी विरोधी सेल ने मचमच के एक करीबी को गिरफ्तार किया था। वह अब भी मचमच के संपर्क में था और उसी ने मचमच के कराची में मौजूद होने की पुष्टि की थी।