दो बार राज्यसभा सांसद रह चुके वरिष्ठ पत्रकार चंदन मित्रा ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि उन्होंने अभी तक अपने अगले कदम के बारे में कुछ भी जाहिर नहीं किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पायोनियर अखबार के संपादक चंदन मित्रा ने पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। हालांकि मित्रा ने फिलहाल किसी राजनीतिक दल का दामन थामने से इनकार किया है, लेकिन माना जा रहा है कि वह ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
चंदन मित्रा को पहली बार एनडीए सरकार के दौरान 2003 में राज्यसभा के लिए मनोनित किया गया था, वहीं दूसरी बार वह पार्टी के टिकट पर जून 2010 में मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गये थे। उनका कार्यकाल 2016 में खत्म हुआ था।
मित्रा ने 2014 का लोकसभा चुनाव पश्चिम बंगाल में हुगली से लड़ा था, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के करीबी माने जाने वाले मित्रा कभी भाजपा के दिल्ली सर्किल में अहम चेहरा थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के आने के बाद उनके पास मामूली संगठनात्मक जिम्मेदारी ही बची रह गयी थी।