फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rain: दक्षिण भारत में बारिश के बाद बाढ़ का कहर, PM ने की तेलंगाना-आंध्र के CM से बात; 20 राज्यों के लिए अलर्ट

Sun, 01 Sep 2024 08:15 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विजयवाड़ा

सार

निरीक्षण के बाद आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि बुदामेरु नहर का पानी इस क्षेत्र में फैल गया है, जिससे बड़ी समस्या पैदा हो गई है। हजारों लोग अपने घरों और छतों पर फंसे हुए हैं। मैं हर घंटे स्थिति पर नजर रख रहा हूं। 
विज्ञापन
आंध्र प्रदेश में बारिश का कहर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य और दक्षिण भारत में इन दिनों हो रही भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है। गुजरात-राजस्थान सहित कई राज्यों में नदियां ऊफान पर हैं। बांधों का जलस्तर बढ़ा हुआ है।  वहीं, दक्षिण भारत में भी हाल कुछ इसी तरह के हैं। दक्षिण के के राज्य आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के कारण बुदामेरु वागु नदी उफान पर है, जिससे विजयवाड़ा के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। अकेले आंध्र प्रदेश के पांच जिलों के 294 गांवों से 13,227 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। तेलंगाना में सोमवार को सभी प्राइमरी और माध्यमिक स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश के कारण रेल संचालन पर भी असर पड़ा है और 20 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और 30 से अधिक का मार्ग में परिवर्तन किया गया है।   

विज्ञापन


पीएम मोदी-अमित शाह ने की आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से बात
वहीं, पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी से बात की और भारी बारिश और बाढ़ के मद्देनजर इन राज्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इस चुनौती से निपटने के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इससे पहले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से बात की और दोनों राज्यों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।  

चंद्रबाबू नायडू ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने कहा कि जलभराव वाले इलाके से निकाले जाने वाले लोगों के लिए एनटीआर, कृष्णा, बपटला, गुंटूर और पलनाडु जिले में 100 पुनर्वास केंद्र बनाए गए हैं। 61 चिकित्सा शिविर भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने बाढ़ग्रस्त स्थानों से 600 लोगों को बचाया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 17 टीमों ने सात जिलों में 22 जलमग्न स्थानों पर बचाव अभियान चलाया। राज्य के मानव संसाधन मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि हमने एक संकट तो टाल दिया है।
विज्ञापन


निरीक्षण के बाद आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि बुदामेरु नहर का पानी इस क्षेत्र में फैल गया है, जिससे बड़ी समस्या पैदा हो गई है। हजारों लोग अपने घरों और छतों पर फंसे हुए हैं। मैं हर घंटे स्थिति पर नजर रख रहा हूं। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह आपदा प्राकृतिक कारणों और पिछली सरकार की बुडामेरु नहर की उपेक्षा का परिणाम है। 
 

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि बचाव दल अभियान शुरू कर चुके हैं। सरकार सहायता के लिए हर संभव प्रयास करेगी और नाव से जनता तक भोजन और आवश्यक आपूर्ति पहुंचाई जाएगी। हम चिकित्सा सहायता की आवश्यकता वाले लोगों को निकालने के लिए नावों का भी उपयोग करेंगे। जनता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं खुद पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहा हूं।   तेलंगाना में पटरी बही, रेल सेवा ठप
तेलंगाना में समुद्रम और महबूबाबाद के बीच रेलवे पटरी बह गई। इसके चलते दिल्ली-विजयवाड़ा रूट पर सभी ट्रेनें बंद कर दी गई हैं। आंध्र-तेलंगाना के बीच 6 ट्रेनें रद्द कर दी गई और 9 का मौर्ग बदला। दक्षिण मध्य रेलवे ने रविवार को कुल 20 ट्रेनें रद्द की और 30 के मार्ग बदले। जिन ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं उनमें दानापुर-बंगलूरू, निजामुद्दीन-कन्याकुमारी, सीएसटी मुंबई-भुवनेश्वर और तांबरम-हैदराबाद एक्सप्रेस भी शामिल हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तटों पर बना दबाव, जिसके कारण पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है, रविवार रात 12.30 बजे से 2.30 बजे के बीच कलिंगपट्टनम के पास तट को पार कर गया। वर्तमान में यह दक्षिण ओडिशा और उससे सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश, विशाखापत्तनम के उत्तर-पश्चिम में लगभग 90 किमी और मल्कानगिरी से 120 किमी पूर्व में केंद्रित है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और एक अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर होने की संभावना है।

आज 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने सोमवार को 18 राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, सिक्किम, पश्चिम बगाल और पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर, असम, नगालैंड, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय शामिल हैं। गुजरात के कई जिलों में अगले 3 दिन तक बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कल भूस्खलन से हुई थी सात लोगों की मौत
गौरतलब है कि बीते दिन आंध्र प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल सात लोगों की मौत हो गई हैं, इसमें विजयवाड़ा में भूस्खलन के कारण चार लोगों की मौत भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, भूस्खलन की घटना विजयवाड़ा के मोगलराजपुरम इलाके में हुई है, जहां भारी बारिश के कारण एक घर पर बड़ा पत्थर गिर गया।

गुंटूर में उफनती धारा को पार करते समय बही कार
वहीं, गुंटूर जिले में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे उफनती धारा को पार करते समय बही कार बह गई। दरअसल, बारिश के कारण कक्षाएं स्थगित होने के बाद शिक्षक ने स्कूल से करीब 3 किलोमीटर दूर एक गांव में लौटने के लिए दो छात्रों को साथ लिया और एक नाले को पार करते समय कार बह गई। हालांकि नाला बहुत बड़ा नहीं था, लेकिन हल्की कार होने के कारण हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस तीनों शवों को खोजने में सफल रही। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में विजयवाड़ा समेत आंध्र प्रदेश के कई स्थानों पर लगातार बारिश हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें