केरल में राहुल गांधी ने हादसे में घायल को भिजवाया अस्पताल
तीन दिन के केरल दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीलांबुर इलाके में रास्ते में दुर्घटना पीड़ित बाइक सवार व्यक्ति को एंबुलेंस बुलवाकर प्राथमिक चिकित्सा के लिए अस्पताल भिजवाया।
वहीं, कांग्रेस नेता ने केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन का मजाक उड़ाते हुए आरोप लगाया कि उनके भाजपा के साथ रिश्ते हैं। इसी कारण केंद्र की भाजपा शासित सरकार कभी उन पर निशाना नहीं साधती। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार, केरल के सीएम और सीपीएम के खिलाफ सीबीआई, ईडी का इस्तेमाल नहीं करती, क्योंकि दोनों के बीच आपसी समझ है।
खुद से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, वह इसे तमगे के तौर पर देखते हैं। उन्होंने कहा, जब मुझसे पांच दिन पूछताछ हुई तो मुझे हैरानी हुई, ये केवल पांच दिन क्यों पूछताछ कर रहे हैं, 10 दिन क्यों नहीं। मुझे उम्मीद है, वे जल्द ही दोबारा ऐसा करेंगे।
पीएम को मनरेगा को गहराई से समझने की जरूरत है: राहुल
मनरेगा को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मनरेगा को गहराई से समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब मैंने लोकसभा में प्रधानमंत्री को मनरेगा के खिलाफ बोलते हुए सुना तो मैं चौंक गया था।
उन्होंने इसे यूपीए की विफलताओं का जीवंत स्मारक बताया था। उन्होंने इसे राजकोष पर एक बोझ बताया था। इससे मुझे अहसास हुआ कि प्रधानमंत्री वास्तव में मनरेगा की गहराई को नहीं समझ पाए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कोरोना काल के दौरान देखा, जब हजारों की संख्या में लोग बेरोजगार हुए तो मनरेगा ने लोगों को बचाया था।
उन्होंने आगे कहा कि यूपीए की सरकार ने मनरेगा को संकल्पित, विकसित और लागू किया था। मुझे याद है जब इसका पहली बार उल्लेख किया गया था, तब हमें काफी प्रतिरोध का सामना करना पड़ा था। नौकरशाहों, व्यवसायियों ने कहा था कि ये पैसे की बर्बादी है। योजना के बारे में बोलते हुए राहुल ने कहा कि मनरेगा से पहले न्यूनतम मजदूरी हुआ करती थी, लेकिन उस मजदूरी की किसी को परवाह नहीं थी। तो इसने एक मंजिल प्रदान की जिसके नीचे किसी भी व्यक्ति को काम करने के लिए नहीं कहा जाएगा।
पीएम मोदी और भाजपा देश में घृणा की भावना पैदा कर रहे
राहुल ने केरल के वंदूर में एक सभा में कहा कि सब लोग जानते हैं कि देश में क्या हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार देश में घृणा की भावना पैदा कर रहे हैं। जो संस्थाएं देश की जनता की आवाज बनती थीं, उन पर भाजपा और आरएसएस ने कब्जा कर लिया है। जनता की आवाज को दबाया जा रहा है।
ईडी की पूछताछ मेरे लिए मेडल
उन्होंने कहा कि जो आरएसएस और भाजपा की विचारधारा के खिलाफ खड़ा होता है उस पर राष्ट्रीय एजेंसियों और पुलिस के जरिये दबाव बनाया जाता है। भाजपा को लगता है कि अगर वो ईडी के माध्यम से मुझसे पांच दिन तक पूछताछ करेंगे और एक ही सवाल बार बार पूछेंगे तो मैं डर जाऊंगा। मैं ईडी की पूछताछ को अपने लिए मेडल मानता हूं और मुझे लगता है कि वह फिर यह करेंगे। उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पर भी हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार केरल के मुख्यमंत्री के खिलाफ ईडी, सीबीआई का इस्तेमाल नहीं करेंगी क्योंकि माकपा और भाजपा के बीच मिलीभगत है। भाजपा उनसे बहुत खुश है।
दुष्प्रचार और झूठ ही भाजपा-आरएसएस की नींव
इससे पहले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया कि दुष्प्रचार और झूठ ही भाजपा-आरएसएस की नींव है। देश को नफरत की आग में झोंक कर हाथ सेंकने वाली भाजपा-आरएसएस का इतिहास पूरा हिंदुस्तान जानता है। ये देशद्रोही चाहे जितना तोड़ने का काम कर लें, कांग्रेस उससे ज्यादा भारत जोड़ने का काम करती रहेगी।