महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैदराबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल नहीं होंगे। पार्टी के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
फडणवीस शुक्रवार को यहां राज्य भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में भी नदारद रहे। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार के पतन और ढाई साल बाद सत्ता में वापसी का जश्न मनाने के लिए दक्षिण मुंबई में भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नहीं पहुंचे फडणवीस
बता दें कि देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को घोषणा की थी कि वह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली नई सरकार का हिस्सा नहीं होंगे, हालांकि बाद में उन्होंने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। फडणवीस एक दिन बाद पार्टी कार्यालय पर आयोजित जश्न कार्यक्रम से दूर रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस के एक करीबी ने बताया कि वह 3 जुलाई से महाराष्ट्र के दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले अपने आवास पर बैठकें करने में व्यस्त हैं।
हैदराबाद की बैठक से भी दूर रहेंगे
यह पूछे जाने पर कि क्या फडणवीस हैदराबाद में शनिवार से शुरू होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे, भाजपा के एक पदाधिकारी ने कहा, "उन्होंने हमारे राष्ट्रीय नेताओं से बात की है और उन्हें यहां की स्थिति के बारे में बताया है। वह हैदराबाद की बैठक में शामिल नहीं होंगे क्योंकि तारीखें विधायिका सत्र के साथ ओवरलैप हो रही हैं।"
सूत्र ने बताया कि वह शुक्रवार शाम यहां एक होटल में भाजपा विधायकों की बैठक को संबोधित करेंगे। बता दें कि इससे पहले अटकलें लग रही थीं कि शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस सरकार को गिराने में अहम भूमिका निभाने वाले फडणवीस फिर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनेंगे।
कभी फडणवीस सरकार में मंत्री थे शिंदे
हालांकि गुरुवार की शाम उन्होंने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में घोषमा की कि शिवसेना के बागी नेता शिंदे अगले मुख्यमंत्री होंगे जबकि वह खुद सरकार का हिस्सा नहीं होंगे। विशेष रूप से भाजपा विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है। बता दें कि 2014 से 2019 तक जब राज्य में फडणवीस के नेतृत्व वाली भाजपा-शिवसेना सरकार थी तब में मंत्री थे।