अनुकृति गुसाईं रावत - लैंसडौन - (हार)
लैंसडाउन सीट से अनुकृति गुसाईं रावत हार गई हैं। उन्हें भाजपा के दिलीप सिंह रावत ने मात दी। हाल में कांग्रेस में दोबारा शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को चुनावी मैदान में उतारा था। दबंग छवि वाले हरक सिंह की चुनाव जीतने की क्षमता का लाभ पार्टी को नहीं मिला। भाजपा के दो बार के विधायक दिलीप सिंह रावत ने 2012 में अपने पिता व क्षेत्र के कद्दावर नेता भारत सिंह रावत की राजनीतिक विरासत संभाली थी।
अनुपमा रावत - हरिद्वार ग्रामीण (जीत)
पूर्व सीएम हरीश रावत की पुत्री अनुपमा ने हरिद्वार ग्रामीण से जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के यतीश्वरानंद को 4400 वोटों से हराया है।
सुमित हृदयेश - हल्द्वानी - (जीत)
कांग्रेस ने अपनी कद्दावर नेता इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद हल्द्वानी सीट से उनके पुत्र सुमित को टिकट दिया था और वह भरोसे पर खरे भी उतरे। सुमित ने अपनी मां की परंपरागत सीट पर पार्टी का कब्जा बरकरार रखा। उन्होंने भाजपा के जोगिंदर पाल सिंह को हराया।
सविता कपूर - देहरादून कैंट - (जीत)
देहरादून कैंट विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सविता कपूर ने जीत हासिल की है। रिकॉर्ड आठ बार विधायक रहे हरबंस कपूर के निधन के बाद भाजपा ने उनकी पत्नी सविता को चुनाव मैदान में उतारा था।
ऋतु खंडूरी - कोटद्वार (जीत)
पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी की पुत्री ऋतु खंडूरी ने कोटद्वार से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह नेगी को करीब 3600 वोटों से हराया।
सौरभ बहुगुणा- सितारगंज (जीत)
पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र सौरभ बहुगुणा ने सितारगंज से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के नवतेज पाल सिंह को 10938 वोटों से हराया।
चंद्रा पंत - पिथौरागढ़ (हार)
पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत प्रकाश पंत की पत्नी चंद्रा पंत पिथौरागढ़ से हार गई हैं। उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार मयूख महर ने 6054 वोटों से हराया।
संजीव आर्य - नैनीताल (हार)
पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के पुत्र संजीव आर्य नैनीताल से हार गए हैं। उन्हें भाजपा की सरिता आर्य ने करीब 7800 वोटों से हराया।