अब हम आपको बताते हैं कि दूरदर्शन क्या गड़बड़ी कर रहा है। दरअसल, दूरदर्शन ओलंपिक के दौरान हर भारतीय मुकाबले को लाइव दिखाने का दावा कर रहा है। कुछ ऐसी ही जानकारी दूरदर्शन ने अपने ट्वीट में पीवी सिंधु के मुकाबले को लेकर भी दी। इस ट्वीट में लिखा था कि पीवी सिंधु का लाइव मैच डीडी स्पोर्ट्स पर देखा जा सकता है, लेकिन यह हकीकत नहीं थी। सिंधु का यह मुकाबला डीडी स्पोर्ट्स 1.0 पर आया। वैसे तो यह चैनल फ्री है, लेकिन इसके लिए डीडी फ्री डिश लगवाना जरूरी है। अन्य डीटीएच ऑपरेटर सिर्फ डीडी स्पोर्ट्स 2.0 चैनल दिखा रहे हैं, जिस पर ओलंपिक के लाइव मुकाबले नहीं आते। इस चैनल पर नीचे लिखा रहता है कि टोक्यो ओलंपिक से जुड़े इवेंट्स सुबह पांच बजे से शाम सात बजे तक डीडी स्पोर्ट्स 1.0 चैनल पर देखे जा सकते हैं।
बता दें कि पीवी सिंधु का महामुकाबला शनिवार दोपहर शुरू हुआ। ऐसे में पूरे देश की नजरें इस मुकाबले पर बनी हुई थीं। दरअसल, सिंधु के लिए यह मैच बेहद कड़ा था, क्योंकि इन दोनों खिलाड़ियों के बीच कुल 18 मुकाबले हुए, जिसमें ताई ने 13 मैच जीते। वहीं, सिंधु अपने पिछले तीनों मुकाबले ताई से हार चुकी थीं।
अमर उजाला की खबर को साझा करते हुए प्रसार भारती के सीईओ ने सफाई दी। उन्होंने खबर को भ्रामक बताते हुए अपने ट्वीट में कहा कि साल 2017 से सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुसार खेलों के सभी लाइव इवेंट डीडी स्पोर्ट्स चैनल के माध्यम से फ्री डिश डीडी डीटीएस और डीटीटी पर सिर्फ 19 शहरों में दिखाए जाते हैं। इसलिए केवल डीडी स्पोर्ट्स 1.0 पर डीडी फ्री डिश डीटीएच के लाइव इवेंट दिखाए जाते हैं। बता दें कि इस मामले में डीडी स्पोर्ट्स ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से जो ट्वीट किया था, उसमें डीडी स्पोर्ट्स 1.0 का कहीं उल्लेख नहीं था। सिर्फ यही नहीं उक्त ट्वीट को संभवत: अब डिलीट भी कर दिया गया। साथ ही, इसके बाद स्पोर्ट्स इवेंट से जुड़े कई ट्वीट में डीडी स्पोर्ट्स 1.0 पर मुकाबले को प्रसारित किए जाने की जानकारी दी गई है। ऐसे में साफ है कि प्रसार भारती व दूरदर्शन को अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर जानकारी साझा करते समय इस बात का स्पष्ट उल्लेख करना चाहिए कि दर्शक वास्तविक रूप से कहां और कैसे, किस चैनल पर लाइव इवेंट देख सकेंगे।