लूट का पैसा छिपाने की कोशिश- भाजपा
चुनावों के बीच भाजपा इस खतरे को भांप रही है। उसे पता है कि यदि कांग्रेस का यह हमला कारगर हुआ, तो उसे इसका राजनीतिक नुकसान हो सकता है। यही कारण है कि बिना देर किए उसने कांग्रेस के अभियान डोनेट फॉर देश पर हमला बोल दिया है। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि इसी समय कांग्रेस के एक सांसद के घर से 350 करोड़ रुपये से ज्यादा का अवैध धन बरामद हुआ है। यह पैसा जनता से लूटे हुए धन का है। कांग्रेस इस लूट से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। यही कारण है कि जनता से पैसे मांगने का नाटक कर वह लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। यदि उसे पैसा चाहिए तो उसे जनता से नहीं, बल्कि अपने इन करोड़पति सांसदों से ही पैसा मांगना चाहिए।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में लगभग 70 साल रही है। इस दौरान उसने अनेक घोटाले किए और हर घोटाले से जनता की गाढ़ी कमाई की लूट की गई। आज भी कांग्रेस जनता से पैसे ही मांग रही है, जबकि उसे अपने इन सांसदों से पैसे मांगने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के एक सांसद से 350 करोड़ रुपये से ज्यादा की लूट की गई है, तो कल्पना ही की जा सकती है कि कांग्रेस ने अपने समूचे शासनकाल में कितने धन की लूट की होगी।