रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारा पड़ोसी लगातार छद्म युद्ध लड़ रहा है। उन्होंने परोक्ष रूप से चुनौती देते हुए सवाल किया कि, वह क्यों हमारे देश को अस्थिर करना चाहता है, बांटना चाहते हैं? धुले में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि हम अपनी जमीन पर ही नहीं बल्कि सीमा पार जाकर भी आतंकियों का सफाया करने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए भजपा सरकार ने एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवाद की कमर तोड़ दी थी। रक्षामंत्री ने बीते 12 दिसंबर को कहा था कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देकर भारत को तोड़ना चाहता है, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने 1971 में इन योजनाओं को विफल कर दिया था। अब आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का काम चल रहा है।
हम जो कहते हैं, वह करते हैं
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज के वक्त में राजनेताओं की कथनी और करनी में काफी अंतर आ गया है। यही कारण है कि आम लोगों का राजनेताओं से भरोसा उठ रहा है। लेकिन हमारी सरकार ने इस बात को गंभीरता से लिया और इस धारणा को खत्म करने की हर संभव कोशिश जारी है। हम जो कहते हैं, वह करते हैं।
जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र का सपूत नितिन गडकरी राजमार्गों के निर्माण का काम पूरे हिन्दुस्तान में बहुत अच्छे से कर रहे हैं। आज इसी नगर परिषद में शिवाजी के स्मारक का लोकार्पण हुआ। महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भी अनावरण हुआ। हमारी सरकार हर मोर्चे पर देश का विकास कर रही है।