कोरोना वायरस की दूसरी लहर पहली के मुकाबले खतरनाक होती जा रही है। मंगलवार को देश में दो लाख 59 हजार 170 नए मरीज मिले हैं। हालात को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें इससे निपटने के हर उपाय कर रही हैं, लेकिन स्थिति बेकाबू होती जा रही है। वहीं, ऑक्सीजन और जरूरी इंजेक्शनों की कमी की खबरों ने आम जनता के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना दिया है। इस स्थिति से निपटने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यवार हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर फोन करके कोरोना अस्पतालों, उनमें खाली बेड की संख्या के साथ प्लाज्मा और वेंटिलेटर की उपलब्धता जैसी सभी जानकारियां पाई जा सकती हैं।
अभी तक मरीजों को अस्पताल जाने पर ही पता चलता था कि वहां क्या स्थिति है। ऐसे में अस्पताल में जगह न होने की स्थिति में इसका सबसे ज्यादा खामियाजा गंभीर मरीजों को उठाना पड़ता था। उम्मीद की जा रही है रि ये हेल्पलाइन नंबर देश के कोरोना पीड़ितों को सही जानकारी देकर मददगार बनेंगे। देश में रोज ही रिकॉर्ड संख्या में सामने आ रहे कोरोना मरीजों की और इस बीमारी के चलते मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी से पूरे देश में दहशत जैसे हालात हैं। अधिकतर अस्पतालों में मरीजों से बेड भर चुके हैं। ऐसे में नए मरीजों के सामने बड़ा संकट पैदा हो गया है। मरीज और उनके परिजन यहां-वहां भटकते नजर आ रहे हैं।
77 फीसदी नए मामले केवल 10 राज्यों में
देश में सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के कुल नए मामलों के 77.67 फीसदी मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों में सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर लगातार बढ़ रही है और यह इस समय 15.99 फीसदी है। भारत में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की कुल संख्या एक करोड़ 53 लाख 21 हजार 89 हो गई है। इनमें से 20 लाख से अधिक लोग उपचाराधीन हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, 1761 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर एक लाख 80 हजार 530 हो गई है।