पुरी और खुर्दा में हल्की बारिश
असानी के कारण पुरी और खुर्दा में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्र में कुछ जगहों पर मंगलवार शाम के बाद से भारी बारिश हुई। मंगलवार रात तक आंधियों की रफ्तार 80 से 90 और बुधवार शाम तक 60 से 70 किमी प्रति घंटा हो जाएगी।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक ओडिशा के तटों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही मछुवारों को बृहस्पतिवार तक समुद्र से दूर रहने को कहा है। वहीं राज्य सरकार ने चेतावनी के बाद भी समुद्र की ओर जाने वालों पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का एलान किया है।
मौसम विभाग ने असानी चक्रवाती तूफान के चलते आंध्र प्रदेश के तटीय में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने तेलंगाना के नलगोंडा, सूर्यापेट, भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम और मुलुगु जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात असानी ने अपनी दिशा बदल ली है और पास के काकीनाडा तट को छूने जा रहा है।
काकीनाडा तट को छूने के बाद यह फिर से काकीनाडा और विशाखापत्तनम के बीच समुद्र में आ जाएगा। हैदराबाद में मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. नागरत्ना ने बताया कि आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तेलंगाना के जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
गंजम में पांच नावें समुद्र में फंसी, सभी 65 मछुवारे सुरक्षित
गंजम जिले के छत्रपुर में पांच नावें समुद्र में फंस गईं। राहत की बात है कि इन पर सवार सभी 65 मछुवारे तैर कर सुरक्षित निकल आए। ये नावें चेतावनी के बावजूद समुद्र में गई थीं। इस हादसे के बाद ही राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन कानून के तहत कार्रवाई करने का फैसला किया है।