सऊदी अरब ने वंदे भारत मिशन के तहत भारत आने वाली फ्लाइट को बृहस्पतिवार को मंजूरी दे दी। दरअसल भारत में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण उसने सऊदी से आने-जाने वाली उड़ानों पर मंगलवार को रोक लगा दी थी। एक ट्वीट में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने स्पष्ट किया कि वह भारत से यात्रियों को सऊदी अरब नहीं ले जाएगी, हालांकि सऊदी अरब में फंसे यात्रियों को भारत पहुंचाएगी।
सऊदी अरब के नागर विमानन विभाग ने मंगलवार को एक सर्कुलर जारी कर कहा था कि उसने भारत, ब्राजील और अर्जेंटीना की आने-जाने वाली सभी उड़ानों को निलंबित करता है। उसने कहा कि जिन देशों में कोविड-19 का ज्यादा प्रकोप है वहां की एयरलाइंस और चार्टर्ड उड़ानों को सऊदी अरब से उड़ान भरने की इजाजत नहीं देगा, हालांकि इसमें सरकारी अधिकारियों को छूट दी गई है। उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में बड़ी तादात में भारतीय कामगार काम करते हैं।