कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम अब अपने शतक यानी 100 करोड़ के लक्ष्य से महज तीन कदम (तीन करोड़) दूर है। स्वास्थ्यमंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, टीकाकरण अभियान के 100 करोड़ डोज का आंकड़ा पूरा होने पर रेलवे स्टेशनों, विमानों, मेट्रो और जहाजों पर इसकी घोषणा होगी। देश में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 97 करोड़ पार हो चुका है।
वहीं दूसरी ओर, देश में त्योहारों के मौसम बीच एक बार फिर कोरोना वायरस रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले दो दिन से नए संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। बीते 24 घंटे में 18,987 मामले सामने आए हैं जबकि 246 मरीजों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 19808 मरीजों को स्वस्थ घोषित भी किया गया। देश में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 3,40,020,73 हो गई है। अब तक कुल 3,33,62,709 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं अब तक कुल 4,51,435 मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या सिर्फ 2,06,586 रह गई है जो अब तक मिले कुल मामलों का सिर्फ 0.61 फीसदी है।
स्वस्थ होने वालों की दर बढ़ी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना को मात देने वाले मरीजों की दर बढ़कर 98.07 फीसदी हो गई है। बीते 24 घंटे में कुल 13.01 लाख सैंपल की जांच हुई। इसमें से 1.46 फीसदी सैंपल में वायरस की पुष्टि हुई है। दैनिक संक्रमण दर 1.19 फीसदी हो गई है जिसमें बढ़ोतरी देखी गई है। साप्ताहिक संक्रमण दर की बात करें तो यह 1.44 फीसदी है।
आंध्र प्रदेश में कर्फ्यू बढ़ा
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार और बुधवार को संक्रमण के मामले कम हुए थे, लेकिन अब संक्रमण बढ़ रहा है। पिछले एक दिन में मुंबई में कोरोना वायरस के 481 नए मामले सामने आए हैं। तीन मरीजों की मौत हुई है। बीते 24 घंटे में 461 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया है। आंध्र प्रदेश में 30 अक्तूबर तक कर्फ्यू बढ़ाया गया है।
बच्चों से पहले वयस्कों का टीकाकरण पूरा करने का लक्ष्य
कोरोना वायरस से बचाव के लिए अब बच्चों के लिए भी वैक्सीन आना शुरू हो चुकी हैं लेकिन सरकार अभी वयस्कों के टीकाकरण को ही प्राथमिकता पर रखना चाहती है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि देश में 97 करोड़ से अधिक कुल टीकाकरण हो चुका है। करीब 30 करोड़ लोग ऐसे हैं जिन्हें टीके की एक भी खुराक नहीं लग पाई है। ऐसे में अगर बच्चों का टीकाकरण भी शुरू हुआ तो कहीं न कहीं भटकाव जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है।
इसलिए कम से कम 90 से 95 फीसदी एक खुराक का टीकाकरण होने तक इंतजार किया जा सकता है। टीकाकरण समिति के सूत्रों का कहना है कि वयस्कों का टीकाकरण सबसे पहले पूरा करने का इंतजार है। इसलिए बच्चों के टीकाकरण से जुड़ीं तैयारियों को जारी रखा गया है लेकिन प्रक्रिया में और तेजी लाने को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं।