अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे में आरोपी ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन मिशेल के आवेदन पर अदालत ने तिहाड़ जेल महानिदेशक व जेल अधीक्षक को 5 मार्च को पेश होने का निर्देश दिया है। 3600 करोड़ रुपये के सौदे में आरोपी ने बिना किसी कारण सामान्य जेल से अति सुरक्षित जेल में भेजने की जांच के लिए नए सिरे से आवेदन दिया है।
पटियाला हाउस कोर्ट के विशेष सीबीआई जज अरविंद कुमार के समक्ष सुनवाई के दौरान अधिवक्ता एलजो के जोसेफ ने कहा कि मिशेल को 70 दिनों से सामान्य जेल नंबर सात में रखा गया था।
अब उसे छोटा राजन, शहाबुद्दीन व अन्य खतरनाक अपराधियों के साथ अति सुरक्षा वाली जेल में रखा गया है और जेल अधिकारियों ने इसका कोई कारण नहीं बताया है। इस मामले की जांच करवाई जाए और मिशेल को सामान्य जेल में रखने का निर्देश दिया जाए।