जापान की सरकार ने बुधवार को एक विधेयक पारित किया था। इस विधेयक में कहा गया है कि सभी नागरिकों को मुफ्त में कोरोना वायरस वैक्सीन दी जाएगी। इस विधेयक के अनुसार सरकार जापान की करीब 12 करोड़ की आबादी के लिए वैक्सीन का शुल्क वहन करेगी।
बता दें कि जापान में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल एक लाख 55 हजार 232 मामले सामने आ चुके हैं। यहां इस महामारी से 2240 लोगों की मौत हुई है। यहां अभी 24,375 मामले सक्रिय हैं और एक लाख 26 हजार 904 लोग संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं।
फ्रांस के प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स ने बीते गुरुवार को कहा था कि देश में कोविड-19 का टीकाकरण का काम शुरू होने में अब कुछ ही सप्ताह का समय बचा है। उन्होंने कहा था कि वैक्सीन सभी नागरिकों के लिए मुफ्त होगी। उन्होंने बताया था कि टीकाकरण का काम तीन चरणों में किया जाएगा।
फ्रांस में कोरोना के अभी तक 22 लाख दो हजार 949 मामले सामने आ चुके हैं और 54,140 लोगों की मौत हुई है। फ्रांस ऐसा देश है जहां सक्रिय मामलों की संख्या ठीक हो चुके मरीजों से ज्यादा है। यहां एक लाख 66 हजार 940 लोग ठीक हुए हैं जबकि 20 लाख 36 हजार 251 सक्रिय मामले हैं।
अमेरिका के चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि वह सभी अमेरिकी नागरिकों का मुफ्त टीकाकरण सुनिश्चित करेंगे। अमेरिकी चुनाव का परिणाम आने के कुछ दिन बाद ही उन्होंने इसे लेकर अपनी योजना साझा की थी। अमेरिका में उन्हें भी मुफ्त वैक्सीन मिलेगी जिनका स्वास्थ्य बीमा नहीं है।
अमेरिका में अभी तक कोरोना संक्रमण के 14 करोड़ 57 लाख 77 हजार 291 मामले सामने आए हैं। इनमें से 57 लाख 22 हजार 399 सक्रिय हैं और दो लाख 83 हजार 399 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में कोरोना संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 85 लाख 71 हजार 493 है।
नॉर्वे ने भी अपने नागरिकों को कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीन के मुफ्त वितरण की घोषणा की है। नॉर्वे सरकार ने अक्तूबर में कहा ता कि जब भी कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीन उपलब्ध होगी तो देश के नागरिकों को यह मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी। इसे राष्ट्रीय टीकाकरण प्रोग्राम में शामिल किया जाएगा।
बता दें कि नॉर्वे में कोरोना संक्रमण के अभी तक 37,371 मामले सामने आए हैं। यहां कोविड का असर उतना ज्यादा नहीं है। यहां कोरोना संक्रमण के चलते 354 लोगों की मौत हुई है। 27,414 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। वहीं, नॉर्वे में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या फिलहाल 9603 है।
पाकिस्तान भी उन देशों में शामिल है जो अपने नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन देने जा रहे हैं। पाक सरकार ने हाल ही में कहा था कि उसके नागरिकों को मुफ्त में वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। यहां टीकाकरण के लिए अगले साल अप्रैल से अभियान शुरू किए जाने की योजना है।
बता दें कि पाकिस्तान में अब तक कोरोना संक्रमण के चार लाख 10 हजार 72 मामले सामने आए हैं और 8260 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। यहां कोरोना संक्रमण से तीन लाख 50 हजार 305 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या 51,507 है।