महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम होने के साथ पाबंदियों में भी ढील देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने मुंबई सहित 11 जिलों में पाबंदियों में ढील देने संबंधी नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। नए दिशानिर्देश में विवाह समारोह में अतिथियों की संख्या बढ़ाने, स्वीमिंग पूल, वॉटर पार्क, रेस्तरां और सिनेमाघरों को संबंधित प्राधिकार की मंजूरी से पचास प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी है।
जनवरी महीने की शुरुआत में राज्य में संक्रमण के मामले बेतहाशा बढ़े थे लेकिन अब इसके दैनिक मामलों में कमी आ रही है। सोमवार की रात जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य के 11 जिलों में पाबंदियों में ढील दी गई है, जहां 90 प्रतिशत से अधिक लोगों ने संक्रमण रोधी टीके की पहली और 70 प्रतिशत लोगों ने टीके की दोनों खुराकें ले ली हैं। जिन 11 जिलों में पाबंदियों में ढील दी गई है वे हैं मुंबई, पुणे, भंडारा, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, रत्नागिरी, सातारा, सांगली, गोंदिया, कोल्हापुर और चंद्रपुर शामिल हैं।
राज्य के मुख्य सचिव देवाशीष चक्रवर्ती की ओर से जारी दिशा निर्देशों के अनुसार, राज्य के सभी राष्ट्रीय उद्यान और पर्यटन स्थल खुले रहेंगे। अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की संख्या पर भी अब कोई पाबंदी नहीं है। खुले मैदान और बैंक्वेट हॉल में क्षमता से 25 प्रतिशत अथवा 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है।
राज्यों में कोरोना के हालात
- कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 14,366 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 60,914 लोग ठीक हुए और 58 की मौत दर्ज की गई। राज्य में सक्रिय मामले 1,97,725 हैं और संक्रमण दर 13.45 फीसदी बनी हुई है।
- पश्चिम बंगाल में कोरोना के 2014 मामले सामने आए। इस दौरान 5548 लोग ठीक हुए और 33 संक्रमितों की मौत हुई। सक्रिय मामले 22,142 हैं और संक्रमण दर 4.09 फीसदी है।
- असम में मंगलवार को कोरोना के 1486 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 2632 मरीजों ने कोरोना को मात दी और 20 लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले 19,461 हैं और संक्रमण दर चार फीसदी बनी हुई है।
- तमिलनाडु में बीते 24 घंटे में कोरोना के 16,096 मामले सामने आए। इस दौरान 25,592 संक्रमित ठीक हुए और 35 की मौत हुई। राज्य में सक्रिय मामले 1,88,599 हैं।