देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत इस साल 16 जनवरी को हुई थी। इसके पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए गए थे। इसके बाद दो फरवरी से अग्रिम मोर्चे को कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया गया था। टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से शुरू हुआ था। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु और किसी किसी विशेष बीमारी से पीड़ित 45 वर्ष और इससे अधिक आयु के व्यक्तियों के टीकाकरण की अनुमति दी गई थी। एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू कर दिया गया था। इसके बाद एक मई से केंद्र सरकार ने 18 वर्ष और इससे अधिक आयु के सभी लोगों को टीकाकरण के लिए पात्र व्यक्तियों के दायरे में ले लिया था।
नवी मुंबई नगर निगम (एनएमसीसी) ने तीन बार एवं रेस्तरां पर कोविड-19 दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। नगर निगम के प्रवक्ता महेंद्र कोंडे ने बताया कि एनएमसीसी के विजिलेंस स्क्वाड ने गुरुवार को पाया कि इन तीनों बार एवं रेस्तरां में रात 10 बजे के बाद भी काम चल रहा था। इन तीन बार में से दो सीबीडी बेलापुर में है तो एक कोपरखैरणे में है। इसके अलावा, नगर आयुक्त अभिजीत बांगर ने कहा है कि अगर ये बार फिर से नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तो एक सप्ताह के लिए इन्हें बंद कर दिया जाएगा। वहीं, तीसरी बार उल्लंघन करने पर इन्हें तब तक बंद कर दिया जाएगा जब तक कोविड प्रतिबंध नहीं हटाए जाते।
आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए गुजरात सरकार ने आठ शहरों में रात्रि कर्फ्यू में राहत देने का फैसला किया है। राज्य के आठ शहरों में रात्रि कर्फ्यू की अवधि अब एक घंटा कम कर दी गई है। इसके साथ ही त्योहार के दौरान आवासीय सोसायटी में और सड़कों पर गरबा के आयोजन की अनुमति भी दे दी है। हालांकि, अगले महीने होने वाले इस नौ दिवसीय त्योहार के दौरान कुछ निश्चित प्रतिबंध लागू रहेंगे। वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बताया कि राज्य सरकार ने अक्तूबर से उन जिलों में सिनेमा हॉल और पब को 100 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति देने का निर्णय लिया है जहां कोरोना वायरस महामारी की सकारात्मकता दर एक फीसदी से कम है।
कोरोना वायरस महामारी के चलते बाधित हुई राष्ट्रपति भवन में होने वाली चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी नौ अक्तूबर से दोबारा शुरू हो जाएगी। यह जानकारी राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। बयान में कहा गया कि कार्यक्रम नौ सितंबर 2021 से फिर से शुरू किया जाएगा और हर शनिवार (सरकारी अवकाशों के अतिरिक्त) को सुबह आठ बजे से नौ बजे तक चलेगा। बता दें कि कार्यक्रम में प्रवेश करने के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। बयान में बताया गया है कि चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी का हिस्सा बनने के लिए ऑनलाइन बुकिंग राष्ट्रपति की आधिकारिक वेबसाइट या फिर राष्ट्रपति सचिवालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कराई जा सकती है।