पिछले चार दिनों से 30 हजार के पार आ रहे कोरोना के मामलों ने एक बार फिर से लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 30,773 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 309 लोगों की मौत हो गई। लेकिन इनमें अधिकतर मामले दक्षिण के राज्यों से आ रहे हैं। इन राज्यों में केरल में अभी भी संक्रमण दर सबसे अधिक है। आइए आंकड़ों से जानने की कोशिश करते हैं कि देश के अन्य राज्यों को कोरोना किस तरह से प्रभावित कर रहा है।
केरल
कोरोना संक्रमण के मामले में केरल सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक रहा है। देश भर से दर्ज हो रहे कुल मामलों का लगभग 60 फीसदी हिस्सा केरल से सामने आ रहा है। केरल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 19,653 नए मामले सामने आए हैं और 152 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 26,711 लोग स्वस्थ भी हो गए। वहीं राज्य में कुल सक्रिय मरीजों की बात करें तो यह 1,73,631 पहुंच गई है और कुल 43,10,674 लोग स्वस्थ हो गए। राज्य में कुल मृतकों की संख्या 23,591 हो गई है। वहीं पॉजिटिविटी दर 17.34 फीसदी है। पिछले 24 घंटों में 1,13,295 नमूनों की जांच की गई।
महाराष्ट्र
वहीं महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस के 3,391 नए मामले सामने आए थे और 80 लोगों की मौत हुई थी। इससे राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 65,18,502 हो गई और मरने वालों की संख्या 1,38,469 हो गई।
आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,337 नए मामले सामने आए हैं और नौ लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 1,282 लोग स्वस्थ भी हो गए। राज्य में कुल मरीज की संख्या की बात करें तो यह 20,38,690 पहुंच गई है। वहीं कुल 20,09,921 लोग स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। राज्य में सक्रिय मामले 14,699 हो गए हैं। वहीं राज्य में अब तक कुल मरने वालों की संख्या 14,070 हो गई है।
तेलंगाना
तेलंगाना में बीते 24 घंटे में कोरोना के 173 नए मामले दर्ज किए गए और एक मरीज की मौत हो गई, जिससे राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 6,63,454 हो गई। इनमें से ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम ने सबसे अधिक 64 मामले दर्ज किए, इसके बाद वारंगल अर्बन (18) और करीमनगर (17) का स्थान रहा। वहीं 33 में से आठ जिलों में शून्य मामले दर्ज किए गए।
तमिलनाडु और कर्नाटक
तमिलनाडु में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1,653 नए मामले सामने आए हैं। जबकि कर्नाटक में 889 नए मरीज पाए गए हैं।
दिल्ली में एक भी मौत नहीं
दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 28 नए मामले सामने आए हैं और एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। दैनिक संक्रमण दर 0.04 फीसदी पर बनी हुई है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए-30,773 हजार
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए- 38,945 हजार
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें-309
- बीते 24 घंटे में कुल टीका- 85.42 लाख
- देश में अभी सक्रिय मरीजों की संख्या- 3.32 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हुए लोग- 3.34 करोड़
- अब तक कुल ठीक हुए लोग- 3.26 करोड़
- अब तक कुल मौतें- 4,44 लाख
- अब तक कुल कोरोना टीका- 80.43 करोड़