कोरोना वैक्सीन ने मौत की आशंका को 97.5 फीसदी तक कम कर दिया है। जिन लोगों ने वैक्सीन की दोनों खुराक अब तक ली हैं उनमें 97.5 फीसदी मौत की आशंका कम हुई है। जबकि एक खुराक लेने वालों में यह आंकड़ा 96.60 फीसदी दर्ज किया गया है।
बृहस्पतिवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने वैज्ञानिकों की मदद से वैक्सीन ट्रैकर प्लेटफार्म शुरू किया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए यह पता चला है कि जिन लोगों का टीकाकरण पूरा हो चुका है उन लोगों में कोरोना से मौत होने की आशंका लगभग खत्म हुई है।
वहीं नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा कि जिन लोगों का टीकाकरण अब तक नहीं हुआ है उन्हें जल्द से जल्द वैक्सीन लेना चाहिए। वैक्सीन की पहली खुराक लेते ही 96 फीसदी तक मौत की आशंका कम हो जाती है।
इनके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि आगामी दिनों में त्योहार आने वाले हैं। इसे लेकर लोगों को सतर्कता रखना बहुत जरूरी है। घर में रहते हुए अपने परिवार के साथ त्योहार मनाएं। किसी भी स्थिति में भीड़ से दूरी बनाना ही सभी के हित में है।
देश के 65 जिलों में बढ़ रहे कोरोना ने बढ़ाई चिंता
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि देश के 65 जिलों में बढ़ रहे कोरोना ने चिंता बढ़ाई है। इनमें से 35 जिलों में संक्रमण दर 10 फीसदी से भी कहीं अधिक है। जबकि 30 जिलों में साप्ताहिक संक्रमण दर पांच से 10 फीसदी के बीच है। इनके अलावा 38 जिलों में रोजाना 100 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार साप्ताहिक संक्रमण दर पांच फीसदी से कम होने पर ही उक्त जिले की स्थिति नियंत्रण में मानी जा सकती है। उन्होंने बताया कि जिन जिलों में यह दर 10 फीसदी से अधिक हैं वह हिमाचल प्रदेश, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में हैं।
इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा सक्रिय मरीज
मंत्रालय के अनुसार देश के पांच राज्यों में सबसे ज्यादा कोरोना के सक्रिय मामले हैं। केरल में इस समय 2.40 लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं। जबकि महाराष्ट्र में 51419, कर्नाटक 17085, तमिलनाडु में 16180 और आंध्र प्रदेश में 14510 सक्रिय मरीज हैं। अगर राष्ट्रीय स्तर पर बात करें तो 30 राज्यों में सक्रिय मामले 10 हजार से भी कम हैं। जबकि 50 हजार से अधिक सक्रिय मामले केवल दो राज्य केरल और महाराष्ट्र में हैं।
31 दिन में छह करोड़, अब सप्ताह में 6.24 करोड़ को दी वैक्सीन
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कुछ महीने पहले मई माह के दौरान 31 दिन में 6.1 करोड़ लोगों को वैक्सीन दिया गया लेकिन इसके बाद लगातार टीकाकरण में बढ़ोतरी हुई है। जून, जुलाई और अगस्त माह में वैक्सीन उपलब्धता पर भी काम किया गया। इसी का परिणाम है कि सितंबर माह के पहले सप्ताह में 6.24 करोड़ लोगों को वैक्सीन दी गई है।