देश में कोरोना के नए मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। बीते एक सप्ताह में नए मरीजों की संख्या दोगुनी से ज्यादा हो चुकी है। देश में अभी चौथी लहर को लेकर विशेषज्ञ रुको व देखो की नीति अपना रहे हैं, वहीं सरकार ने सतकर्ता बरतते हुए कुछ राज्यों को सतर्क किया है।
सोमवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में 2541 नए संक्रमित मिले। सक्रिय केस की संख्या 16 हजार के पार पहुंच गई है। एक दिन में 2541 केस मिलने से देश में अब तक संक्रमितों का आंकड़ा 4,30,60,086 पर पहुंच गया। वहीं कुल मृतक संख्या 5,22,223 हो गई है। हालांकि रविवार की तुलना में सोमवार को नए संक्रमित आंशिक कम हैं। रविवार को 2593 नए संक्रमित मिले थे, जबकि सोमवार को 2541 नए संक्रमित मिले हैं।
पिछले सप्ताह की तुलना में नए मरीजों की संख्या दोगुनी से ज्यादा हो चुकी है। करीब तीन सप्ताह बाद नए मामलों में फिर तेजी से बढ़ोतरी दिखने लगी है। नए मामले दिल्ली, यूपी व हरियाणा में ज्यादा मिल रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी नौ राज्यों को आगाह किया है। इन नौ राज्यों में केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, पंजाब व कर्नाटक शामिल हैं।