राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी तौर पर बंद करने और एक ट्वीट डिलीट करने के बाद सोमवार को कांग्रेस ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर निशाना साधा। पार्टी ने ट्विटर पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि वह मोदी सरकार के फरमान के अनुसार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन कर रही है। पार्टी ने यह भी दावा किया है कि आईएनसी-टीवी का ट्वटिर हैंडल भी सोमवार की सुबह निलंबित कर दिया गया।
ट्विटर के इस कदम की रविवार की शाम हुई कांग्रेस पार्टी के महासचिवों की बैठक में निंदा भी की गई थी। वेणुगोपाल ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्विटर खाते को अस्थायी रूप से निलंबित करने का मुद्दे पर महासचिवों, प्रभारियों और पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस समिति) अध्यक्षों की बैठक में चर्चा की गई थी। विपक्षी दल ने रविवार को आरोप लगाया था कि ट्विटर ने भारत सरकार के दबाव के कारण जल्दबाजी में काम किया।