कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी
- फोटो : ANI
मेघालय में कांग्रेस के 12 विधायक टीएमसी में शामिल हो गए। इससे कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अधीर रंजन चौधरी भड़क गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तोड़ने की ये साजिश सिर्फ मेघालय में ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर में हो रही है। मैं सीएम ममता बनर्जी को चुनौती देता हूं कि पहले उन्हें टीएमसी के चुनाव चिह्न पर चुनें और फिर औपचारिक रूप से अपनी पार्टी में उनका स्वागत करें। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि अगर 'दीदी' अभी सोनिया गांधी से मिलती हैं, तो पीएम मोदी नाराज हो जाएंगे। ईडी द्वारा उनके भतीजे को तलब किए जाने के तुरंत बाद उनकी हरकतें बदल गईं। इससे पहले उन्होंने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर भाजपा के खिलाफ मिलकर लड़ने की बात कही थी।
पूर्व मुख्यमंत्री और मुकुल संगमा के बीच चल रहा था अनबन
गौरतलब है कि बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा समेत कांग्रेस पार्टी के 18 में 12 विधायक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। इसी के साथ मेघायल में अब तृणमूल कांग्रेस मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई है। सूत्रों के मुताबिक इन सभी विधायकों ने शिलॉन्ग में टीएमसी की सदस्यता ग्रहण की। जानकारी के मुताबिक, विन्सेंट एच. पाला को मेघालय प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख बनाए जाने के बाद उनके और पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकुल संगमा के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। पिछले महीने कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुकुल संगमा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विन्सेंट एच पाला से एक साथ मुलाकात भी की थी।