तकनीकी सुधार के लिए रेलवे ने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) को कुछ समय बंद करने का निर्णय लिया है। रविवार को देर रात 11.45 बजे से सुबह 3 बजे तक पीआरएस पूछताछ को बंद रखा जाएगा। इस दौरान रेलवे संबंधी सभी तरह की कंप्यूटरीकृत पूछताछ सेवा बंद रहेगी।
रविवार देर रात से सुबह तक करीब 3 घंटा 15 मिनट तक लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान आईवीआरएस/टच स्क्रीन, कॉल सेंटर (टेलीफोन नंबर- 139) के माध्यम से भी किसी तरह की ट्रेनों से संबंधित जानकारी नहीं मिलेगी। कंप्यूटर द्वारा चालू आरक्षण बुकिंग का कामकाज भी बंद रहेगा।
इस दौरान न तो यात्रा टिकट जारी होंगे और न ही निरस्त किए जा सकेंगे। लिहाजा अगर आप रविवार को ट्रेन से यात्रा करने की सोच रहे हैं तो अपने ट्रेन की जानकारी रविवार की रात पौने बारह बजे के पहले कर लें।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 139 पूछताछ सेवा के साथ ही इस दौरान आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ऑन लाइन टिकटों की बुकिंग भी नहीं होगी। रेलवे स्टेशन पर स्थित न तो डोरमेट्री की ऑनलाइन बुकिंग होगी और न ही रिटायरिंग रूम की।