उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री 'मनोरंजन कर' मदन चौहान ने कहा कि सलमान खान की फिल्म सुल्तान को यूपी में मनोरंजन कर से मुक्त रखा जाएगा क्योंकि इस फिल्म की शूटिंग मुजफ्फरनगर के कस्बा मोरना में प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि जो भी फिल्मकार यूपी में शूटिंग करेगा, उसे प्रोत्साहन दिया जाएगा।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए मदन चौहान ने कहा कि मनोरंजन कर की वसूली सूबे में बेहतर ढंग से की जा रही है। राजस्व लगातार बढ़ रहा है। दो डीटूएच कंपनियों से 45-45 करोड़ रुपये वसूले गए हैं। ऐसी छह कंपनियों पर सरकार की निगाह थी, बाकी चार भी जल्द ही पैसा जमा करेंगी।
चौहान ने कहा कि फिल्मकार उत्तर प्रदेश का रुख करें। यहां ज्यादा से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग हो, इसका सरकार पूरा प्रयास कर रही है। अगर मोरना में सलमान खान शूटिंग करते हैं, तो सुल्तान को यूपी में टैक्स फ्री किया जाएगा। सूबे के ऐसे स्थानों को चिह्नित कर डेवलप करने की योजना है, जहां फिल्मों की शूटिंग सुविधापूर्ण तरीके से की जा सके। इस बाबत फिल्मकारों से भी बात हो रही है।
उन्होंने कहा कि केवल मल्टीप्लेक्स ही नहीं, बल्कि सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों को भी विशेष छूट और सुविधाएं देने की सरकार की योजना है। फिल्म मेकिंग को यूपी में उद्योग की भांति डेवलप करने की कवायद है। चौहान ने बाद में मनोरंजन कर अधिकारियों को बुलाकर बैठक भी ली।