पुणे जिले के किसान के पॉल्ट्री फॉर्म में मुर्गियों ने अंडे देना बंद कर दिया तो वह पुलिस में शिकायत करने पहुंच गया। दरअसल, किसान उस कंपनी के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचा था, जिसका चारा खरीदने के बाद ही मुर्गियों ने अंडे देना बंद कर दिया था। हालांकि कंपनी द्वारा तीन से चार पॉल्ट्री फार्म को मुआवजा देने पर सहमति जताने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
लोनी कल्भोर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र मोक्षी ने कहा, एक पॉल्ट्री फार्म मालिक ने शिकायत की थी कि इलाके के तीन-चार पॉल्ट्री फार्म मालिकों की एक जैसी समस्या है।
उनका कहना था कि उन सबने अहमदनगर जिले की एक कंपनी से मुर्गियों के लिए चारा खरीदा था, इसके बाद ही उनकी मुर्गियों ने अंडे देना बंद कर दिया था। इसके बाद हमने जिले के पशुपालन अधिकारी से संपर्क किया।
अधिकारी ने बताया कि यह आम बात है। कई बार ऐसा होता है कि कोई खास चारा मुर्गियों के अनुकूल नहीं होता है और इसे खाने के बाद वे अंडे देना बंद कर देती हैं। ऐसे मामलों में पहले वाला चारा देने से मुर्गियां अंडे देने लग जाती हैं।
पुलिस के मुताबिक, हमने चारा बनाने वाली कंपनी से संपर्क किया तो उसने बताया कि ऐसी ही शिकायतें कुछ और ग्राहकों ने की है। इसके बाद कंपनी मालिक ने सभी किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा देने पर सहमति जताई।