असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा
- फोटो : Social Media
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी से जुड़ी कंपनी को सरकारी सब्सिडी देने के आरोप वाले मामले में लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी मामले को लेकर, राज्य की विधानसभा में गुरुवार को हंगामा मच गया। दरअसल, विपक्षी विधायकों ने इस मामले में चर्चा की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने इस मामले पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया था, लेकिन प्रश्नकाल के अंत में स्पीकर बिस्वजीत दैमारी ने नोटिस को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा स्थगन प्रस्ताव के लायक नहीं है। इस पर सदन में हंगामा मच गया।
कांग्रेस और सीपीआईएम के विधायकों के साथ-साथ निर्दलीय विधायक अखिल गोगोई भी नारा लगाने लगे। जब विधायक शांत नहीं हुए तो स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
यह है मामला
लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई ने बुधवार को आरोप लगाया था खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय की वेबसाइट से पता चलता है कि रिनिकी भुइयां सरमा की फर्म 'प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड' को क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी के हिस्से के रूप में 10 करोड़ रुपये मिले हैं। रिनिकी, असम के मुख्यमंत्री की पत्नी हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोपों को नकारा
इस आरोप पर मुख्यमंत्री सरमा ने सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि न तो मेरी पत्नी और न ही जिस कंपनी से वह जुड़ी हैं, उसे कभी भी भारत सरकार से कोई वित्तीय सहायता नहीं मिली है।