Union Minister Dharmendra Pradhan
- फोटो : ANI
12वीं कक्षा के देश के लाखों बच्चों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) आज दोपहर 2 बजे बारहवीं कक्षा का रिजल्ट जारी करेगा। लेकिन रिजल्ट जारी कब होगा इस बात को लेकर आम बच्चों और अभिभावकों की तरह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी बहुत परेशान थे। दरअसल उनकी यह परेशानी 12वीं में पढ़ने वाले अपने बेटे के सवाल को लेकर ज्यादा थी, जो उनसे रोज ही पूछते थे-पापा रिजल्ट कब आएगा?
इसी महीने सात जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में हुए फेरबदल के बाद शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार धर्मेंद्र प्रधान को सौंपा गया है। नए शिक्षा मंत्री के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही थी कि 12वीं कक्षा का रिजल्ट समय पर जारी हो जाए। उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया और देश को भरोसा दिलाया था कि सुप्रीम कोर्ट ने जो 31 जुलाई तक की डेडलाइन दी है, उसको आगे नहीं बढ़ाया जाएगा और तब तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
प्लीज बार-बार मत पूछो ये सवाल ?
हालांकि उनके पदभार संभालने के बाद पत्रकार शिक्षा मंत्री से अक्सर बारहवीं के रिजल्ट को लेकर सवाल पूछते थे। सूत्रों के मुताबिक पत्रकारों के सवालों के बजाए वे घर में पूछे जाने वाले सवाल से ज्यादा परेशान थे। दरअसल शिक्षा मंत्री के बेटे भी 12वीं कक्षा के छात्र हैं और अक्सर मंत्री जी से यही सवाल करते कि पापा रिजल्ट कब आएगा? अपने बेटे के सवाल से तंग आकर कर उन्होंने कह दिया था-प्लीज ये सवाल बार-बार मत करो, रिजल्ट आएगा तो पता चल जाएगा।
सरकार को भी थी समय पर रिजल्ट जारी करने की चिंता
कोरोना महामारी के कारण पिछले दो साल से 10वीं और 12वीं के छात्रों की परीक्षा और रिजल्ट को लेकर बहुत असमंजस की स्थिति बनी रही। इस बार भी समय पर रिजल्ट जारी करने की चिंता सरकार को थी। रिजल्ट में देरी होने से 12वीं पास करने वाले बच्चों के सामने उच्च शिक्षा के लिए एडमिशन लेने की समस्या खड़ी हो जाती है।
कोरोना महामारी को देखते हुए सीबीएसई ने अगले साल होने वाले बोर्ड परीक्षा के पैटर्न में काफी बदलाव कर दिया है। साल में दो बार परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. इस पर भी काम करना बाकी है। शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों को सलाह देते हुए कहा है कि वे अपना रिजल्ट सिर्फ ऑफिशियल साइट्स के नोटिफिकेशन पर जाकर ही चेक करें। बहरहाल अन्य छात्रों की तरह शिक्षा मंत्री के बेटे को भी आज रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार होगा।