सीबीआई ने आंध्रप्रदेश के पूर्व मंत्री वाईएस विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ बुधवार को आरोप पत्र दायर दायर कर दिया। विवेकानंद रेड्डी पूर्व सीएम स्व. वाईएसआर रेड्डी के छोटे भाई व मौजूदा सीएम जगन मोहन रेड्डी के चाचा थे।
68 वर्षीय रेड्डी 15 मार्च 2019 को आंध्र के कडप्पा जिले में स्थित अपने घर में मृत मिले थे। दिल्ली में सीबीआई प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि पूर्व मंत्री रेड्डी की हत्या के मामले में कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला के न्यायिक दंडाधिकारी की कोर्ट में आरोप पत्र पेश किया गया है। इसमें टी. गांगी रेड्डी, यदाति सुनील यादव, गज्जला उमाशंकर रेड्डी व शेख दष्ठागिरी के नाम हैं।
सीबीआई ने इस मामले में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर 9 जुलाई 2020 को केस दर्ज कर जांच हाथ में ली थी। इससे पहले हत्या के मामले में पुलिवेंदुला पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सीबीआई ने अगस्त व सितंबर में चार लोगों को गिरफ्तार किया था और ये अभी न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि अन्य को जमानत मिल चुकी है। केस में आगे जांच जारी है।