सीबीआई ने बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के पूर्व कमांडेंट सतीश कुमार के खिलाफ कथित तौर पर आय से 5.67 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति रखने के आरोप में मामला दर्ज किया है। एजेंसी के अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सतीश कुमार भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी नियुक्ति के दौरान दर्ज मवेशी तस्करी के मामले में जांच का सामना भी कर रहे हैं।
एजेंसी ने कुमार के खिलाफ साल 2011 से 2020 के बीच कथित तौर पर उनके व उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर अवैध संपत्ति जमा करने का एक नया मामला दर्ज किया है, जब उनके खिलाफ मवेशी तस्करी का सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ था। सीबीआई ने 21 सितंबर 2020 को चार लोगों के खिलाफ दर्ज मवेशी तस्करी के मामले की जांच अपने हाथ में ले ली थी।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान सतीश कुमार की संपत्तियों के संबंध में सबूत मिले जिनकी कीमत कथित तौर पर उनकी ज्ञात आय से 220 फीसदी अधिक है। सतीश कुमार की इन संपत्तियों में गाजियाबाद में दो मकान के अलावा कोलकाता के साल्टलेक में एक मकान, एक मकान सिलिगुड़ी में और गाजियाबाद, बुलंदशहर व अमृतसर में कृषि भूमि शामिल हैं।
कुमार के पास 2.3 करोड़ रुपये से अधिक की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) की रसीदें भी हैं और उनकी पत्नी तानिया सान्याल के नाम पर 90 लाख रुपये से अधिक के म्यूचुअल फंड हैं। कुमार ने 2011-20 के दौरान कथित तौर पर 7.1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की थी, जबकि उनकी व उनके परिवार के सदस्यों की कुल आय 2.57 करोड़ रुपये से अधिक थी।