ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस और नेपाली राजदूत डॉ. शंकर प्रसाद शर्मा
- फोटो : एएनआई
भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस महा सप्तमी पूजा का हिस्सा बनने के लिए दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। उनके साथ भारत में नेपाल के राजदूत डॉक्टर शंकर प्रसाद शर्मा भी मौजूद रहे।
दोनों अधिकारी अपने परिवार के साथ महा सप्तमी पूजा के लिए नई दिल्ली के सर्बोजनिन दुर्गा पूजा समिति पंडारा रोड स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा की साथ ही भारत और कनाडा के रिश्तों पर भी बात की।
एलिस ने कहा कि भारत में रहने वालों के लिए यह बहुत ही शानदार उत्सव है, जिसमें वह शामिल हो सकते हैं। दुर्गा पूजा में शामिल होना खुद में अद्भुत है। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत से हमेशा प्यार रहा है। इसके साथ ही ऐसे पांडालों में शामिल होना बहुत पसंद है। ब्रिटिश उच्चायुक्त ने कहा कि यह मेरे लिए खुशी की बात है।
भारत-कनाडा विवाद पर भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने कहा, ‘भारत और कनाडा दोनों करीबी दोस्त हैं। हम दोनों देशों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं।’
वहीं, भारत में नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर प्रसाद शर्मा ने कहा, 'दुर्गा पूजा के लिए आकर मुझे बहुत अच्छा लगा। नेपाल में हम सभी मंदिरों में जाते हैं। इसके साथ ही हम घर पर भी देवी दुर्गा की पूजा करते हैं। हमने पांडाल में आकर पूजा की, बड़ा अच्छा लगा।'