बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा पीठ ने तहलका पत्रिका के पत्रकार तरुण तेजपाल के खिलाफ चल रही सुनवाई को 10 अगस्त तक के लिए टाल दी है। तरुण तेजपाल पर नवंबर 2013 में गोवा के एक पांच सितारा होटल की लिफ्ट में एक जूनियर सहयोगी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
न्यायमूर्ति एमएस सोनक और न्यायमूर्ति एमएस जावलकर की खंडपीठ ने सुनवाई तब टाल दी जब तेजपाल के वकील अमित देसाई ने अदालत को बताया कि मामले से संबंधित वकील अंकुर चावला इस समय शोकसंतप्त हैं और कुछ दस्तावेजों को भी अभी अंतिम रूप दिया जाना शेष है। राज्य की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और राज्य के महाधिवक्ता देवीदास पंगम पेश हुए।
पंगम ने अनुरोध किया कि सुनवाई 17 अगस्त से पहले तय की जाए, क्योंकि अदालत 15 अगस्त के बाद कोर्ट रूम में सुनवाई फिर से शुरू कर सकती है। जबकि मेहता तब सहायता करने में सक्षम नहीं हो सकते हैं। पीठ ने स्पष्ट किया कि कोर्ट रूम में सुनवाई के बारे में अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ है, मामले को 10 अगस्त तक के लिए स्थगित किया जाता है।
बता दें कि 21 मई 2021 को गोवा की एक सत्र अदालत ने तेजपाल को 2013 में राज्य के एक लक्जरी होटल की लिफ्ट में एक पूर्व महिला सहयोगी के यौन उत्पीड़न के आरोप से बरी कर दिया था।