राहुल गांधी ने हरियाणा में एक चुनावी रैली में कहा था कि अयोध्या में नाच-गाना हो रहा था। इसलिए संसदीय चुनाव में भाजपा अयोध्या लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के अवधेश सिंह से हार गई।
अयोध्या में 22 जनवरी को हुए श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को नाच-गाने का कार्यक्रम बताने पर राहुल गांधी को भाजपा ने घेरा। भाजपा ने राहुल गांधी को अव्वल दर्जे के झूठे व्यक्ति करार दिया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता की टिप्पणियां गांधी परिवार की वास्तविक प्रकृति और हिंदू धर्म के प्रति अपमान को दर्शाती हैं।
विज्ञापन
दरअसल लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रहे हैं कि राम मंदिर के समारोह में शामिल होने के लिए अमिताभ बच्चन, अंबानी और अडानी को आमंत्रित किया गया, लेकिन किसी भी गरीब व्यक्ति, मजदूर या किसान को नहीं बुलाया गया। राहुल गांधी ने गुरुवार को हरियाणा में एक चुनावी रैली में कहा था कि अयोध्या में नाच-गाना हो रहा था। इसलिए भाजपा संसदीय चुनाव में अयोध्या लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के अवधेश सिंह से हार गई।
इसे लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर बार-बार राम मंदिर का अपमान करने का आरोप लगाया। त्रिवेदी ने कहा कि यह बहुत दुखद और गंभीर है कि राहुल गांधी ने भगवान के नाम पर लोकसभा में शपथ भी नहीं ली। वह धार्मिक मामलों को लेकर तरह-तरह की बकवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण में शामिल कार्यकर्ताओं का पीएम मोदी ने अभिनंदन किया और उन पर फूलों की वर्षा की।
विज्ञापन
भाजपा नेता ने गांधी के नाच-गाना जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की तीन पीढ़ियां अफगानिस्तान में मुगल सम्राट बाबर की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गई थीं। जबकि मंदिर पर उनका रुख उनकी वास्तविक प्रकृति और हिंदू धर्म के प्रति अवमानना को दर्शाता है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस नेता न केवल हिंदू विरोधी हैं, बल्कि अव्वल दर्जे के झूठे व्यक्ति भी हैं। उन्होंने कहा कि वहां कोई गरीब व्यक्ति या मजदूर नहीं था। क्या वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रमिकों के लिए पुष्प वर्षा के स्वागत, सत्कार से अंधे थे? उन्होंने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के पवित्र अवसर को निशाना बनाने के लिए भी गांधी की आलोचना की। पूनावाला ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि गांधी ने झूठ बोला है। गांधी ने पहले कहा था कि ऐश्वर्या राय नाच रही थी, जबकि ऐश्वर्या वहां नहीं थीं।