तेजस्वी सूर्या ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछले 75 सालों से हमें सिर्फ एक परिवार की सराहना करने वाला इतिहास पढ़ाया जा रहा है। बाल गंगाधर तिलक, वीर सावरकर, बाबासाहेब आंबेडकर, सरदार पटेल और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानबूझकर उपेक्षित किया जाता है।
देश के स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के योगदान को लेकर उठ रहे सवालों पर भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि जिन लोगों को लगता है कि स्वतंत्रता संग्राम में आरएसएस ने कोई योगदान नहीं दिया, उनके लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा इतिहास की कक्षाएं आयोजित करेगा।
विज्ञापन
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछले 75 सालों से हमें सिर्फ एक परिवार की सराहना करने वाला इतिहास पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा, हमें एक विशिष्ट इतिहास पढ़ाया जाता है, जो केवल एक परिवार की सराहना करने के बारे में है। जबकि, बाल गंगाधर तिलक, वीर सावरकर, बाबासाहेब आंबेडकर, सरदार पटेल और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानबूझकर उपेक्षित किया जाता है। उन्होंने कहा, जिन्हें लगता है कि भारत की आजादी में आरएसएस का योगदान नहीं है, उनके लिए स्वतंत्रता संग्राम को 360 डिग्री समझने के लिए विशेष कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी।
संघ मुख्यालय पर तिरंगा न फहराने पर उठे थे सवाल
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 'हर घर तिरंगा' अभियान की अपील की गई है। इस अपील के बाद भी लंबे समय तक आरएसएस कार्यालय में तिंरगा न लगाए जाने पर कई सवाल उठ रहे थे। यहां तक कि आरएसएस और संघ प्रमुख मोहन भागवत के ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल पिक्चर भी न बदले जाने पर विपक्षी पार्टियां हमलावर थीं। इसके बाद संघ प्रमुख मोहन भागवत ने आरएसएस मुख्यालय पर तिरंगा फहराया। इतना ही नहीं आरएसएस कई सदस्यों ने भी अपनी ट्विटर प्रोफाइल पर तिरंगा लगा लिया है।
विज्ञापन
संसद में कार्यक्रम आयोजित न करने पर सरकार पर हमला
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अमृत महोत्सव का आयोजन 'सर्वज्ञानी का महिमामंडन' करने के लिए किया गया है क्योंकि संसद के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में कोई विशेष कार्यक्रम नहीं हुआ था। उन्होंने ट्वीट किया, "अफसोस की बात है कि 75वीं वर्षगांठ के लिए ऐसा कुछ भी आयोजित नहीं किया गया है, यह सर्वज्ञानी (जो यह सब जानता है) को महिमामंडित करने के अवसर पर सिमट कर रह गया है।"
अखिलेश यादव ने भी की थी आलोचना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा-आरएसएस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस अभियान के माध्यम से अपने अतीत के काले युग को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, "भाजपा कार्यालय तिरंगे की दुकान बन गए हैं...भाजपा को बताना चाहिए कि झंडे पर कितना जीएसटी देना होगा।"