भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बबनराव लोनीकर ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में सत्ताधारी शिवसेना के 12 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने राज्य में 'परिवर्तन' की भविष्यवाणी भी की। वहीं, राज्य में सत्तासीन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार की मुखिया शिवसेना ने लोनीकर के दावों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने के 'दिवास्वप्न' देख रही है।
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले की डेगलुर विधानसभा सीट पर 30 अक्तूबर को उप चुनाव होने हैं। यहां से भाजपा ने सुभाष साबने को उम्मीदवार बनाया है। सानके के समर्थन में शुक्रवार को एक रैली का आयोजन हुआ, जिसमें बबनराव लोनीकर भी शामिल हुए। लोनीकर ने कहा, 'अगर महाराष्ट्र में कोई बदलाव करना है... वर्तमान सरकार में, तो मतदाताओं को सुभाष साबने को जिताना चाहिए। राज्य में जादू हो जाएगा। शिवसेना के 12 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं।'
विज्ञापन
डेगलुर में हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रावसाहेब दानवे और आशीष शेलार भी मौजूद थे। दोनों ही नेता हाल ही में शिवसेना को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। साबने विधायक के तौर पर डेगलुर और मुखेड विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं, बबनराव लोनीकर के इस बयान को शिवसेना ने भाजपा का दिवास्वप्न करार गिया। शिवसेना की प्रवक्ता मनीषा कयांदे ने इसे लेकर कहा कि लोनीकर के दावों में कोई सच्चाई नहीं है।