कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी अमेरिका में तमाम समुदायों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। जिसमें भारत विरोधी इल्हान उमर भी उनके साथ दिख रही हैं। राहुल गांधी के मुलाकात की तस्वीरें सामने आने पर भाजपा ने कांग्रेस और उनपर निशाना साधा है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने मामले में ट्वीट कर निशाना साधा और लिखा- विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में इल्हान उमर से मुलाकात की, जो पाकिस्तान प्रायोजित भारत विरोधी आवाज है, एक कट्टरपंथी इस्लामवादी और स्वतंत्र कश्मीर की पैरोकार है। इस भाजपा नेता ने कांग्रेस पर खुलेआम भारत के खिलाफ काम करने का भी आरोप लगाया है।
निशिकांत दुबे ने भी साधा निशाना
भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने भी इल्हान उमर के साथ राहुल गांधी की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा- लाल घेरे में यह महिला अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता इलहान उमर है, खालिस्तान तथा कश्मीर अलग देश बनाने का लगातार समर्थन करती है,अभी अमेरिका में राहुल गांधी जी इसी एजेंडे के लिए समर्थन जुटा रहे हैं ।
'सत्ता में आने के लिए उतावले हैं राहुल गांधी'
वहीं बीजेपी नेता संजू वर्मा ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा, कि राहुल गांधी सत्ता में आने के लिए उतावले हो रहे हैं, इसी उतावलेपन की वजह से ही कोई कट्टरपंथी इस्लामिक इल्हान उमर से मुलाकात कर सकता है।
पाकिस्तान से पन्नू तक कर रहे राहुल गांधी की तारीफ
वहीं राहुल गांधी के इस बयान पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी भारत के इतिहास के पहले नेता प्रतिपक्ष बने हैं, जिन्होंने किसी घोषित भारत विरोधी सांसद के साथ मुलाकत की है। अमेरिकी सांसद इल्हान उमर, जो भारत विरोधी वक्तव्यों के लिए कुख्यात हैं। राहुल गांधी का नाम पाकिस्तान ने भी संयुक्त राष्ट्र संघ में इस्तेमाल किया था। वहीं उनके एक और भारत विरोधी मित्रों में उपलब्धता मिली है, जब पन्नू ने भी उनकी तारीफ की है।
पन्नू ने राहुल गांधी के बयान पर क्या कहा?
बता दें कि खालिस्तान की मांग करने वालाा आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा कि भारत में सिखों की स्थिति पर राहुल गांधी ने जो बयान दिया है वो न केवल साहसिक है बल्कि 1947 के बाद से भारत में सिखों पर हो रहे अत्याचार को दिखाता है। यह पंजाब की आजादी के लिहाज से सिख फॉर जस्टिस के रुख की भी पुष्टि करता है।
राहुल गांधी ने क्या दिया था बयान?
भारतीय अमेरिकी समुदायों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कुछ धर्मों, भाषाओं और समुदायों को अन्य की तुलना में कमतर मानता है। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीति के लिए नहीं, बल्कि इसी बात की लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले आपको यह समझना होगा कि लड़ाई किस बारे में है। लड़ाई राजनीति के बारे में नहीं है। राहुल ने दर्शकों के बीच बैठे एक सिख व्यक्ति से पूछा कि मेरे पगड़ीधारी भाई आपका क्या नाम है। कांग्रेस नेता ने कहा कि लड़ाई इस बात की है कि क्या एक सिख को भारत में पगड़ी या कड़ा पहनने का अधिकार है या नहीं। या एक सिख के रूप में वह गुरुद्वारा जा सकते हैं या नहीं। लड़ाई इसी बात के लिए है और यह सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लिए है।