biological e corbevax for child
- फोटो : amar ujala
भारत की दवा फर्म बायोलॉजिकल ई लिमिटेड (बीई) ने सोमवार को अपनी कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की कीमतें घटाने का एलान किया। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि उसने कॉर्बेवैक्स के दाम 840 रुपये से घटाकर 250 रुपये कर दिए हैं। इस कीमत में जीएसटी भी शामिल है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इसके चलते अंतिम उपयोगकर्ताओं को टैक्स और टीका लगाने के शुल्क समेत प्रति खुराक 400 रुपये का भुगतान करना होगा। इससे पहले निजी टीकाकरण केंद्रों में टीके के अंतिम उपयोगकर्ताओं के लिए कुल कीमत 990 रुपये प्रति खुराक थी।
इस साल मार्च में जब देश में कोविड-19 से बचाव के लिए 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण शुरू हुआ, तो कॉर्बेवैक्स वैक्सीन का इस्तेमाल किया गया और सरकारी टीकाकरण कार्यक्रम के लिए इसकी कीमत 145 रुपये तय की गई।
बायोलॉजिकल ई के मुताबिक, उसने अपनी दवा की कीमतें इसे आम लोगों के लिए और वहनीय बनाने और इसकी पहुंच ज्यादा से ज्यादा बच्चों तक बनाने के लिए कम की हैं। इससे वायरस के खिलाफ और प्रभावी ढंग से लड़ाई लड़ी जा सकेगी।
सीरम इंस्टीट्यूट पहले ही घटा चुका है कोवोवैक्स की कीमतें
इससे पहले मई की शुरुआत में ही 12-17 वर्ष की आयु के बच्चों के कोविड-19 टीकाकरण के लिए मंजूर हुई कोवोवैक्स की कीमतें सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने घटा ली थीं। एसआईआई ने हर खुराक की कीमत 900 रुपये से घटाकर 225 रुपये कर दी है। हालांकि, इसमें टैक्स शामिल नहीं किया गया।