भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ दिल्ली में हाइड्रोजन बस में यात्रा की। उन्होंने कहा कि भारत के साथ हमारी दोस्ती अटूट रहेगी। हम इस दोस्ती को और मजबूत बनाएंगे।
भारत की यात्रा पर आए भूटान के पीएम दोशा शेरिंग तोबगे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे अपने मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर मुझे हमेशा खुशी होती है। भारत सरकार और भारत के लोगों की सद्भावना और दृढ़ सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता हूं। भारत के साथ हमारी दोस्ती अटूट रहेगी। हम इस दोस्ती को और मजबूत बनाएंगे।
विज्ञापन
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान को भारत का बहुत खास मित्र बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच सहयोग और भी बेहतर होगा। एक्स पर पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से दिल्ली में मिलकर प्रसन्नता हुई। भूटान भारत का बहुत खास मित्र है और आने वाले समय में हमारा सहयोग और भी बेहतर होता रहेगा।
वहीं भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ दिल्ली में हाइड्रोजन बस में यात्रा की। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि खुशी है कि भूटान के पीएम बस की शोभा बढ़ा रहे हैं। उनकी मौजूदगी से हरित हाइड्रोजन संदेश को फैलाने में मदद मिलेगी। इन 15 बसों से हम विस्तार करना चाहते हैं।
विज्ञापन
बस में यात्रा के बाद भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने कहा कि मैंने बस यात्रा का आनंद लिया। मुझे केंद्रीय मंत्री ने अद्भुत वाहन से परिचित कराया। खास बात यह है कि बस कई सारे लोगों को ले जा सकती है। जबकि यह पानी के अलावा कुछ भी वेस्ट नहीं करती है। पानी को भी अपशिष्ट उत्पाद नहीं कहा जा सकता है।
भूटान के प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं भारत में पला-बढ़ा हूं। मैं 5 से 16 साल की उम्र तक भारत के एक बोर्डिंग स्कूल में रहा। अगर मैं अच्छा निकला हूं तो आप जानते हैं कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है। मेरे पास स्कूल की सबसे अच्छी यादें हैं। भारत और भूटान बहुत मजबूत हैं।