नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने भारत में संचालित प्रमुख एयरलाइनों में सामान प्रबंधन प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए एक अहम कदम उठाया है। बीसीएएस ने शुक्रवार को सात एयरलाइनों को पत्र जारी कर सामान की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय लागू करने का आग्रह किया।
शिकायतों पर लिया संज्ञान
दरअसल, कई समय से यात्री शिकायत कर रहे थे कि उड़ान पहुंचने के बाद काफी देर बाद उनका सामान दिया जाता है। इसी पर संज्ञान लेते हुए बीसीएएस ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि यात्रियों का सारा सामान हवाई अड्डे पर उड़ान के उतरने के 30 मिनट के भीतर पहुंच जाए।
26 फरवरी तक का समय
रविवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बीसीएएस ने एयरलाइंस से 26 फरवरी तक सामान की समय पर डिलिवरी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय लागू करने को कहा है। यह निर्देश 16 फरवरी को सात एयरलाइंस - एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर, स्पाइसजेट, विस्तारा, एईएक्स कनेक्ट और एयर इंडिया एक्सप्रेस को जारी किया गया।
एयरलाइंस को परिचालन, प्रबंधन और आपूर्ति करार (ओएमडीए) के तहत सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों का सामान उड़ान उतरने के आधे घंटे के अंदर देना होगा।
बता दें, नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देशों के तहत बीसीएएस जनवरी, 2024 से छह प्रमुख हवाई अड्डों के ‘बेल्ट’ पर सामान के आगमन की निगरानी कर रहा है।