दिल्ली के बुराड़ी में एक साथ 11 लोगों की आत्महत्या चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस तरह-तरह के दावे कर रही है। माना जा रहा है कि ये सभी लोग अंधविश्वास के चक्कर में पड़कर अपनी जान गंवा बैठे। अब इस रहस्यमयी आत्महत्या के पीछे किसी तांत्रिक या बाबा का हाथ है या नहीं, ये तो पता नहीं लेकिन जिस तरह से उनके घर में पूजा-अनुष्ठान और आत्माओं के आने की बात कही जा रही है, उससे तो यहीं लगता है कि ये परिवार अंधविश्वास के जाल में बुरी तरह से फंस चुका था।
अंधविश्वास ने परिवार को अपने जाल में इस कदर जकड़ रखा था कि उनका वहां से निकलना लगभग नामुमकिन था और उसका हश्र ये हुआ कि मोक्ष पाने की चाहत लिए सभी लोग दुनिया से रूखसत हो गए। दरअसल, अंधविश्वास एक ऐसा जाल है जिसमें इंसान फंसता ही चला जाता है और उसकी शुरुआत कहीं ना कहीं किसी बाबा, तांत्रिक या आस्था के नाम पर लोगों को बेवकूफ बनाने वालों से होती है।
आजकल ऑनलाइन का जमाना है और तांत्रिक-बाबा भी इस तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को अंधविश्वास के जाल में फंसा रहे हैं और इसके एवज में वो उनसे मोटी रकम भी वसूल करते हैं। राजधानी दिल्ली की अगर बात करें तो यहां 1000 से ज्यादा बाबा या तांत्रिक अपने धंधे को स्वतंत्र रूप से संचालित कर रहे हैं। ये बाबा काला जादू और चमत्कारी शक्तियों की मदद से लोगों को उनका खोया हुआ प्यार, नौकरी ढूंढने में मदद और घर खरीदने के नाम पर बेवकूफ बनाते हैं। इन बाबाओं के नाम भी उनके काम से ही मिलता-जुलता होता है, जैसे- बाबाजी, वशीकरण गुरूजी, बंगाली बाबा, तांत्रिक बाबा खान बंगाली, आदि। आप में से कई लोगों ने इनके नाम देखे और सुने भी होंगे।
चूंकि, अब लोगों के पास इन तांत्रिकों-बाबाओं के पास जाने का समय नहीं है, इसलिए इन्होंने अपने बिजनेस को ऑनलाइन ही फैला रखा है। बाकायदा उनका अपना वेबसाइट है, फोन नंबर है, जिसके जरिए वो लोगों को उनकी परेशानियों से छुटकारा दिलाने का दावा करते हैं और लोगों से पैसे ऐंठते हैं। ये लोग यू-ट्यूब के जरिए भी पैसे कमा रहे हैं। उन्होंने यू-ट्यूब चैनल बना रखा है, जिसपर वो खोया हुआ प्यार, दुश्मनों से छुटकारा, जमीन में गड़ा हुआ धन पाना, सौतन से छुटकारा, जमीनी विवाद सुलझाना, मनचाहा प्यार पाना संबंधी वीडियो डालते रहते हैं और लोगों को अंधविश्वास के जाल में फंसाते रहते हैं।
कुछ यू-ट्यूब चैनल तो ऐसे भी हैं जिनके पास लाखों की संख्या सब्सक्राइबर्स (ग्राहक) हैं। उदाहरण के तौर पर 'चमत्कारी टोटके' नाम का एक यू-ट्यूब चैनल है, जिसके पास रिकॉर्ड 1.6 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं। इसके अलावा देसी टोटके के पास 6,65,000 सब्सक्राइबर्स, तिलिस्मी दुनिया के पास 2.60,000 सब्सक्राइबर्स, काल चक्र के पास 2,71,000 सब्सक्राइबर्स हैं। ये प्रतिदिन यू-ट्यूब पर तांत्रिक ट्रिक और तंत्र-मंत्र संबंधी एक नया वीडियो डालते हैं और कुछ ही घंटों में इस वीडियो को देखने वालों की तादाद भी लाखों में हो जाती है।